Post Views: 0
सुरेंद्र प्रताप सिंह बने उपाध्यक्ष, दोनों पदों पर निर्विरोध जीत से समर्थकों में उत्साह
जगमोहन डांगी
कोटद्वार। जिला सहकारी बैंक कोटद्वार में मंगलवार को नई नेतृत्व टीम का निर्विरोध चयन हो गया। अध्यक्ष पद पर पंकज रावत और उपाध्यक्ष पद पर सुरेंद्र प्रताप सिंह निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। दोनों पदों पर एक-एक नामांकन आने के बाद निर्वाचन प्रक्रिया निर्विरोध पूरी हुई। परिणाम सामने आते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
बैंक मुख्यालय में सुबह नौ बजे निर्वाचन प्रक्रिया शुरू हुई। निर्वाचन अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी बीडी रतूड़ी की देखरेख में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित विभिन्न समितियों के प्रतिनिधियों के लिए नामांकन कराए गए। नामांकन पत्रों की जांच के बाद सभी पदों पर एक-एक प्रत्याशी पाए जाने पर निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा कर दी गई।
उत्तराखंड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड, हल्द्वानी के प्रतिनिधियों के लिए नीतू रावत, रवींद्र सिंह नेगी, मनोज पटवाल और चंद्रकला देवी निर्विरोध चुने गए। वहीं उत्तराखंड प्रादेशिक कोआपरेटिव यूनियन लिमिटेड, देहरादून के प्रतिनिधि के रूप में नरेंद्र सिंह और साधना त्रिपाठी का चयन हुआ।
निर्वाचन की घोषणा के बाद समर्थकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष पंकज रावत और उपाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप सिंह का स्वागत किया। लैंसडौन विधायक दिलीप सिंह रावत, महापौर शैलेंद्र सिंह रावत, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट और उमेश त्रिपाठी समेत अन्य लोगों ने उन्हें बधाई दी। समर्थकों ने मिठाई बांटकर खुशी जताई।
इसके बाद समर्थकों की ओर से नगर में विजयी जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह नजर आया।
Related