Uncategorized

समुद्र की लहरों से हिमालय की ऊंचाइयों तक: माउंट मुकुट फतह करने वाली भारतीय तटरक्षक दल की टीम का मुख्यमंत्री धामी ने किया स्वागत

भारतीय तटरक्षक बल के अतिरिक्त महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ समारोह, पर्वतारोहियों के साहस और टीम भावना की सराहना

2027 में माउंट एवरेस्ट अभियान की तैयारियों की दिशा में भारतीय तटरक्षक बल ने हासिल की बड़ी उपलब्धि

 

अमर संदेश | दिल्ली/देहरादून, 12 अक्टूबर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को माउंट मुकुट की सफल चढ़ाई पूरी करने वाली भारतीय तटरक्षक बल (इंडियन कोस्ट गार्ड) की 17 सदस्यीय पर्वतारोहण टीम का समारोह में स्वागत करते हुए उसे सम्मानित किया। इस अवसर पर भारतीय तटरक्षक बल के अतिरिक्त महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला, पीटीएम, टीएम भी उपस्थित रहे।

भारतीय तटरक्षक बल की टीम ने 7 अक्टूबर 2026 को समुद्र तल से 7,045 मीटर की ऊंचाई पर स्थित माउंट मुकुट की चोटी पर सफलतापूर्वक पहुंचकर महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। यह अभियान दार्जिलिंग स्थित हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट (एचएमआई) के विशेषज्ञ मार्गदर्शन में पूरा किया गया।

एवरेस्ट अभियान की दिशा में अहम पड़ाव

माउंट मुकुट अभियान भारतीय तटरक्षक बल के 18 महीने के गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम का पांचवां और अंतिम चरण था। इस प्रशिक्षण का प्रमुख उद्देश्य वर्ष 2027 में भारतीय तटरक्षक बल की स्वर्ण जयंती के अवसर पर माउंट एवरेस्ट पर सफल पर्वतारोहण अभियान की तैयारी करना है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्वतारोहियों के साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और सहनशक्ति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां देश के गौरव और साहसिक परंपरा को मजबूत करती हैं। दुर्गम हिमालयी परिस्थितियों में सफलता हासिल करना टीम के अनुशासन, समर्पण और सामूहिक प्रयास का परिचायक है।

वहीं, अतिरिक्त महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला ने अभियान दल को बधाई देते हुए उसके सदस्यों की मानसिक दृढ़ता, शारीरिक क्षमता और उत्कृष्ट टीमवर्क की सराहना की। हिमालय के चुनौतीपूर्ण भूभाग और कठिन परिस्थितियों में टीम का प्रदर्शन इस अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि रहा।

15 सितंबर को शुरू हुआ था अभियान

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पर्वतारोहण अभियान 15 सितंबर 2026 को शुरू हुआ था। टीम ने 1 अक्टूबर को बेस कैंप-1 स्थापित किया और इसके बाद प्रतिकूल मौसम तथा अत्यंत कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए 7,045 मीटर ऊंची माउंट मुकुट चोटी तक पहुंचने में सफलता प्राप्त की।

इस अभियान के दौरान प्राप्त अनुभव और तकनीकी सीख वर्ष 2027 में प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान की अंतिम तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। समुद्री सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाला भारतीय तटरक्षक बल अब पर्वतारोहण के क्षेत्र में भी अपनी क्षमता और साहस का परिचय देते हुए एक ऐतिहासिक लक्ष्य की ओर अग्रसर है।

इस अवसर पर भारतीय तटरक्षक बल के उप महानिरीक्षक डी.एस. चौहान, उप महानिरीक्षक हिमांशु नौटियाल तथा कमांडेंट अमित उनियाल सहित अन्य अधिकारी एवं अभियान दल के सदस्य मौजूद रहे।

उल्लेखनीय है कि अमर संदेश को यह जानकारी भारतीय तटरक्षक बल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कमांडेंट अमित उनियाल द्वारा दी गई। कमांडेंट अमित उनियाल स्वयं भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *