Post Views: 0
पत्रकारों की एकजुटता को मिलेगा नया मंच, उत्तराखंड की आवाज को दिल्ली-एनसीआर में और मजबूती से उठाने का संकल्प
Amar sandesh नई दिल्ली। उत्तराखंड मीडिया जगत से जुड़े पत्रकारों को एक मजबूत, संगठित और प्रभावी मंच प्रदान करने के उद्देश्य से प्रस्तावित उत्तराखंड मीडिया संगठन, दिल्ली-एनसीआर के गठन की प्रक्रिया के तहत पिछले कई दिनों से लगातार बैठकें आयोजित की जा रही थीं। इसी क्रम में आज प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित चौथी महत्वपूर्ण बैठक में संगठन के पदाधिकारियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया।
संगठन के गठन को लेकर सबसे पहली बैठक अल्मोड़ा भवन में आयोजित की गई थी। इसके बाद प्रेस क्लब ऑफ इंडिया में बैठक हुई तथा संगठन को मजबूत स्वरूप देने के लिए आगे भी विचार-विमर्श और उपबैठकों का दौर जारी रहा। आज पुनः प्रेस क्लब में आयोजित बैठक में पत्रकारों ने संगठन की भावी भूमिका, उद्देश्य और कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की।
।बैठक में सर्वसम्मति से अमर संदेश के संपादक अमरचंद को संगठन का अध्यक्ष चुना गया। वहीं हरीश रावत को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा योगेश भट्ट, पूनम बिष्ट और प्रजादत्त डबराल को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस बैठक में विशेष अतिथि के तौर पर पौड़ी गढ़वाल से ग्रामीण पत्रकार जगनमोहन डांगी को भी आमंत्रित किया गया था
इसी क्रम में राजेश डंडरियाल को महासचिव, दीप सिलोडी को सचिव, डी.एस. नेगी को कोषाध्यक्ष तथा सत्येंद्र सिंह नेगी को मीडिया प्रभारी,विनोद मनकोटि संगठन सचिव, द्वारिका प्रसाद चमोली प्रचार प्रसार सचिव ओर रूप सिंह गुस्साई को सांस्कृतिक सचिव चुना गया। साथ ही संगठन के कार्यकारणी सदस्य चुने गए मनोज कोठारी,राजू बोरा,अतुल।
संगठन के अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों के नाम भी अंतिम सूची में शामिल किए जाएंगे।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल पत्रकारों को एक मंच पर लाना नहीं, बल्कि पत्रकारों की वाजिब मांगों और समस्याओं को प्रशासन, सरकार तथा समाज तक प्रभावी ढंग से पहुंचाना भी है। संगठन पत्रकारों के हितों की आवाज मजबूती से उठाने के साथ-साथ पत्रकारिता के माध्यम से जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देगा।
संगठन उत्तराखंड सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं नीतियों की जानकारी आम जनता और प्रवासी उत्तराखंडियों तक पहुंचाने के साथ-साथ योजनाओं के क्रियान्वयन में सामने आने वाली कमियों और प्रशासनिक स्तर की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाएगा। इसके माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच एक मजबूत सेतु के रूप में कार्य करने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले उत्तराखंड के प्रवासियों से जुड़े सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित के विषयों को पत्रकारिता के माध्यम से व्यापक स्तर पर उठाया जाएगा। साथ ही समय-समय पर जन-जागरूकता अभियानों को गति दी जाएगी, ताकि पत्रकारिता समाज के अंतिम व्यक्ति तक अपनी सकारात्मक भूमिका निभा सके।
बैठक में संगठन को लेकर पिछले कुछ दिनों से चल रही आपसी चर्चाओं और विलंब के बाद सभी सदस्यों ने आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ संगठन को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। पत्रकारों ने कहा कि संगठन की सफलता उसकी एकता, निष्पक्षता, पत्रकारिता के मूल्यों और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता पर निर्भर करेगी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अमरचंद ने सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन को किसी व्यक्ति विशेष का मंच न बनाकर हर पत्रकार की आवाज और जनहित का सशक्त माध्यम बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के साथ उत्तराखंड और दिल्ली-एनसीआर के प्रवासी समाज से जुड़े मुद्दों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में उपस्थित पत्रकारों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए संगठन को मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
Related