Post Views: 0
शिक्षक दिवस पर श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के ऐतिहासिक समारोह में शामिल होंगे प्रधानमंत्री; एक सदी की शैक्षणिक विरासत का होगा उत्सव
Amar sandesh नई दिल्ली। देश के प्रतिष्ठित वाणिज्य एवं प्रबंधन संस्थानों में शामिल श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के लिए 5 सितंबर का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। कॉलेज के शताब्दी समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शामिल होंगे और शाम 7 बजे आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगें।
शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला यह समारोह इसलिए भी खास है, क्योंकि इसी दिन देश शिक्षा और समाज के निर्माण में शिक्षकों एवं शिक्षाविदों की भूमिका को सम्मान देता है। ऐसे में SRCC की सौ वर्ष की शैक्षणिक यात्रा का उत्सव और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन समारोह के महत्व को और बढ़ा देता है।
दिल्ली विश्वविद्यालय से संबद्ध श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स देश के प्रमुख उच्च शिक्षण संस्थानों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। वाणिज्य, अर्थशास्त्र और प्रबंधन के क्षेत्र में कॉलेज ने लंबे समय से विद्यार्थियों को उच्चस्तरीय शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराए हैं।
कॉलेज की स्थापना वर्ष 1926 में प्रख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी सर श्री राम ने की थी। स्थापना के बाद से लेकर अब तक सौ वर्षों की यात्रा में संस्थान ने देश को विद्वानों, पेशेवरों, प्रशासकों, उद्यमियों, नीति-निर्माताओं और विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले अनेक प्रतिभाशाली व्यक्तित्व दिए हैं।
सौ साल की विरासत, नई पीढ़ी के सपनों के साथ
SRCC का शताब्दी वर्ष केवल एक संस्थान की स्थापना के सौ वर्ष पूरे होने का अवसर नहीं है, बल्कि यह देश में उच्च शिक्षा के बदलते स्वरूप और नई पीढ़ियों के निर्माण की यात्रा को भी रेखांकित करता है। बदलते आर्थिक परिदृश्य के बीच कॉलेज ने वाणिज्य और अर्थशास्त्र की शिक्षा को नई जरूरतों से जोड़ते हुए अपनी प्रतिष्ठा कायम रखी है।
शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह में शिक्षा की भूमिका, ज्ञान की शक्ति और राष्ट्र निर्माण में शिक्षण संस्थानों के योगदान का संदेश भी प्रमुखता से सामने आने की उम्मीद है।
प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन ऐसे समय में होगा, जब भारत उच्च शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और युवा शक्ति को देश की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार मानते हुए आगे बढ़ रहा है। ऐसे में SRCC की शताब्दी का यह समारोह शिक्षा की सौ वर्ष की विरासत और भविष्य के भारत की आकांक्षाओं के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में देखा जा रहा है।
5 सितंबर की शाम SRCC परिसर में होने वाला यह आयोजन संस्थान की ऐतिहासिक यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की दिशा को एक साथ सामने लाने वाला महत्वपूर्ण अवसर होगा।
Related