कर्नाटकराष्ट्रीय

“रेल सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, खामियों को मिशन मोड में दूर करें: –अश्विनी वैष्णव 

Amar sandesh नई दिल्ली। केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को रेल भवन में रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, बोर्ड के सदस्य, जोनल रेलवे के महाप्रबंधक, महानिदेशक तथा मंडल रेल प्रबंधक शामिल हुए। रेल मंत्री ने रेलवे की सुरक्षा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण पहलुओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सिग्नलिंग व्यवस्था में सामने आ रही तकनीकी कमियों को मिशन मोड में दूर करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) के उन कंपोनेंट्स, जिनकी निर्धारित सेवा अवधि पूरी हो चुकी है, के रखरखाव एवं समयबद्ध प्रतिस्थापन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में कोचों के रखरखाव और विशेष रूप से फायर सेफ्टी से जुड़े इलेक्ट्रिकल सर्किट एवं वायरिंग पर भी गंभीरता से चर्चा हुई। रेल मंत्री ने वर्कशॉप में मेंटेनेंस की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा कोच एवं वैगन के कपलर और पहियों के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

ट्रैक सुरक्षा को लेकर रेल मंत्री ने पॉइंट मशीन, टर्नआउट और फास्टनर के समुचित रखरखाव को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां कह फास्टनर उपलब्ध नहीं हैं, वहां उन्हें लगाने की व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित की जाए।

रेलवे में इस्तेमाल होने वाली सामग्री की गुणवत्ता को लेकर भी बैठक में सख्त रुख अपनाया गया। सिग्नलिंग एवं टेलीकम्युनिकेशन (S&T), OHE, ट्रैक, कोच और वैगन से संबंधित सामग्री की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित सप्लायर के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। जानबूझकर की गई लापरवाही के मामलों में संबंधित सप्लायर को स्थायी रूप से ब्लैकलिस्ट करने को कहा गया।

रेल मंत्री श्री वैष्णव  ने त्योहारों और मेलों के दौरान अचानक बढ़ने वाली यात्री भीड़ को देखते हुए अधिकारियों को जिला एवं राज्य प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे संभावित स्थानों की पहले से पहचान कर अग्रिम तैयारियां की जाएं, ताकि यात्रियों की बढ़ती संख्या के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जा सकें।

“रेल सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, खामियों को मिशन मोड में दूर करें: –अश्विनी वैष्णव बैठक में रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने, तकनीकी खामियों को समय रहते दूर करने तथा रखरखाव एवं सामग्री की गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने पर विशेष जोर दिया गया।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *