उत्तराखण्डपर्यटन

गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट खुले, चारधाम यात्रा 2025 का भव्य शुभांरभ 

मुख्यमंत्री धामी ने की पीएम मोदी के नाम से पहली पूजा

 

उत्तरकाशी। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर बुधवार को वैदिक मंत्रोच्चारण और परंपरागत पूजा-अर्चना के साथ गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसी के साथ उत्तराखण्ड की चारधाम यात्रा 2025 का विधिवत शुभारंभ हो गया। इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने हजारों श्रद्धालु देश-विदेश से पहुंचे।

विशेष बात यह रही कि इस बार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों धामों में कपाटोद्घाटन के शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम से पहली पूजा कर चारधाम यात्रा के सफल आयोजन की मंगल कामना की। मुख्यमंत्री धामी यमुनोत्री धाम के कपाटोद्घाटन में सम्मिलित होने वाले पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं।

धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार बुधवार सुबह मां गंगा की उत्सव डोली भैरव मंदिर, भैरव घाटी से गंगोत्री पहुंची। पूर्वाह्न 10:30 बजे विधिपूर्वक कपाट खोले गए। वहीं, मां यमुना की डोली शनिदेव महाराज की अगुवाई में खरसाली से यात्रा कर 11:55 बजे यमुनोत्री धाम पहुंची, जहाँ विधि-विधान से कपाटोद्घाटन हुआ। इस दौरान मंदिरों के ऊपर हेलीकाॅप्टर से पुष्पवर्षा कर दिव्यता का अद्वितीय दृश्य उपस्थित किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामीमॉं गंगा और मॉं यमुना के मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की और लोक देवताओं की डोलियों से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड के चारधाम देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था के प्रमुख केन्द्र हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि हर श्रद्धालु को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और दिव्य अनुभव प्राप्त हो।

मुख्यमंत्री ने ग्रीन और क्लीन चारधाम यात्रा के लिए सभी लोगों से सहयोग की अपील की और बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु यातायात, मूलभूत सुविधाओं एवं सुरक्षा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने ‘अतिथि देवो भवः’ की परंपरा को निभाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

गंगोत्री धाम में कपाटोद्घाटन के अवसर पर विधायक श्री सुरेश चौहान, गंगोत्री मंदिर समिति अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल, सचिव सुरेश सेमवाल, पूर्व विधायक विजय पाल सजवाण, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट व अन्य गणमान्य जन उपस्थित रहे। यमुनोत्री धाम में मुख्य विकास अधिकारी एस.एल. सेमवाल, उपजिलाधिकारी बृजेश कुमार तिवारी, यमुनोत्री मंदिर समिति के उपाध्यक्ष संजीव उनियाल, सचिव सुनील उनियाल सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *