दिल्लीराष्ट्रीय

श्याम लाल कॉलेज में ‘युवा कुंभ’ उत्सव का आयोजन, भाषण प्रतियोगिता में युवाओं ने रखे प्रभावी विचार

Amar sandesh नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के श्याम लाल कॉलेज (मॉर्निंग एवं इवनिंग) के संयुक्त तत्वावधान में भव्य युवा कुंभ उत्सव का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक उत्सव के अंतर्गत युवाओं की प्रतिभा और विचार क्षमता को परखने के लिए भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वक्तृत्व कला का विकास करना, आत्मविश्वास को बढ़ावा देना तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके विचारों को अभिव्यक्ति का मंच प्रदान करना था। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों ने सामाजिक, सांस्कृतिक, राष्ट्र प्रेम, शैक्षिक तथा समसामयिक विषयों पर अपने विचार प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ श्याम लाल कॉलेज इवनिंग के प्राचार्य प्रो. नचिकेता सिंह ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूरे होने पर पूरे देश में राष्ट्र प्रेम की नई भावना का संचार हुआ है और आज देश एक नए पुनर्जागरण का साक्षी बन रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाशक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और युवाओं को अपनी क्षमता पहचानने की आवश्यकता है।

श्याम लाल कॉलेज मॉर्निंग के प्राचार्य प्रो. रबी नारायण कर ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि संघ की 100 वर्षों की यात्रा भारत के नव निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. पंकज पटवा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं के विचारों को समझने और जानने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन और सही दिशा में आगे बढ़ते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका तय करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के संयोजक श्री रजत चौधरी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और उपस्थित जनों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आकाश कुमार सोनी ने किया।

इस अवसर पर आयोजन समिति के सभी सदस्य, दोनों कॉलेजों के संकाय सदस्य तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *