यंग उत्तराखंड का सामाजिक दायित्व निभाया धराली आपदा पीड़ितों के लिए 2 लाख 11 हजार रुपये का योगदान
मुख्यमंत्री राहत कोष में संस्था ने सौंपी सहायता राशि, आपदा प्रभावितों के प्रति संवेदना व्यक्त की
Amar sandesh दिल्ली।राष्ट्रीय सांस्कृतिक एवं सामाजिक संगठन “यंग उत्तराखंड” ने उत्तरकाशी जिले के धराली क्षेत्र में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित परिवारों की सहायता हेतु मुख्यमंत्री राहत कोष में ₹2,11,000 (दो लाख ग्यारह हजार रुपये) का योगदान किया है।
यह राशि संस्था द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित सांस्कृतिक समारोह “यंग उत्तराखंड सिने अवार्ड्स 2025” के दौरान क्राउडफंडिंग के माध्यम से जुटाई गई थी। इस राशि को संस्था के महासचिव अनूप डोबरियाल, कोषाध्यक्ष विक्रम रावत, सांस्कृतिक सचिव भूपेंद्र मनोला एवं उपाध्यक्ष किशोर सिंह रावत ने मुख्यमंत्री श पुष्कर सिंह धामी को दिल्ली में भेंट किया।
यंग उत्तराखंड पिछले 25 वर्षों से एक सशक्त सामाजिक व सांस्कृतिक आंदोलन के रूप में कार्यरत है। संस्था ने उत्तराखंड के दूरस्थ क्षेत्रों में समय-समय पर कैरियर गाइडेंस कैंप, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर और शैक्षिक सहयोग अभियान के माध्यम से समाज सेवा की उल्लेखनीय परंपरा को आगे बढ़ाया है।
यह योगदान संस्था की मानवीय संवेदना, सामाजिक जिम्मेदारी और उत्तराखंड की संस्कृति के संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता का परिचायक है।