Post Views: 0
Amar sandesh नई दिल्ली। मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक दायित्व का परिचय देते हुए उत्तराखंड कुमाऊं समाज सेवा समिति, वैशाली (गाजियाबाद) ने ब्रेन इन्फेक्शन से पीड़ित 9 वर्षीय बालक चिराग के परिवार को ₹51,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की।
चिराग का उपचार दिल्ली स्थित सर गंगाराम अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है। संस्था के अध्यक्ष हरीश साह जी ने अमर संदेश को जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें इस विषय में समिति के सह-अध्यक्ष लक्ष्मण बिष्ट के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई। चिराग मूल रूप से जिला अल्मोड़ा, खजुरानी (चखुटिया), कुमाऊं मंडल, उत्तराखंड का निवासी है और वर्तमान में दिल्ली में रह रहा है। बच्चे के गंभीर उपचार में परिवार अपनी पूरी जमा-पूंजी खर्च कर चुका है, जिसके कारण उनकी आर्थिक स्थिति अत्यंत कमजोर हो गई है। कम उम्र में ब्रेन इन्फेक्शन जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे चिराग को अस्पताल के आईसीयू में भर्ती किया गया है।
यह जानकारी समिति के समूह में साझा किए जाने के बाद सभी सदस्यों ने सेवा भावना के साथ त्वरित सहयोग किया और एक ही दिन में छोटी-छोटी राशि एकत्रित कर लगभग ₹51,000 जुटाए। यह सहायता राशि चेक के माध्यम से चिराग के परिवार को सौंप दी गई। सभी सदस्यों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि चिराग शीघ्र स्वस्थ होकर अपने घर लौटे।
समिति ने अन्य सामाजिक संस्थाओं और गैर-सरकारी संगठनों से भी अपील की है कि वे आगे आकर गरीब और जरूरतमंद परिवारों की सहायता करें। साथ ही आश्वस्त किया कि संस्था भविष्य में भी ऐसे मानवीय कार्यों के लिए निरंतर प्रयासरत रहेगी।
चिराग के परिवार ने उत्तराखंड कुमाऊं समाज सेवा समिति, वैशाली के सभी पदाधिकारियों और सहयोगी सदस्यों के प्रति आभार और धन्यवाद व्यक्त किया। हरीश साह ने भी सभी सदस्यों की एकजुटता और सहयोग भावना की सराहना करते हुए विश्वास जताया कि आगे भी सभी सदस्य इसी प्रकार संस्था के साथ खड़े रहकर जरूरतमंदों की सहायता करते रहेंगे। संस्था ने पुनः संकल्प दोहराया कि समाज सेवा के ऐसे कार्य आप सभी के सहयोग से निरंतर जारी रहेंगे।
Like this:
Like Loading...
Related