उत्तराखण्डराष्ट्रीय

केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने गढ़वाल लोकसभा में सांसद खेल महोत्सव का किया शुभारंभ

के13 हजार से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी, गढ़वाल में खेल संस्कृति को मिली नई गति

जोशीमठ में 8 करोड़ की लागत से बनेगा सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक

अनिल बलूनी के सतत प्रयासों से गढ़वाल को स्पोर्ट्स हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम

Amar sandesh पौड़ी (गढ़वाल, उत्तराखंड), 13 दिसंबर। केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने शुक्रवार को पौड़ी जनपद के कंडोलिया मैदान में गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र के सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर फुटबॉल, टेबल टेनिस, बैडमिंटन सहित पारंपरिक पिट्ठू खेलों का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल , पूर्व विधायक पौड़ी मुकेश कोली सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य अतिथि और हजारों खिलाड़ी उपस्थित रहे।

यह आयोजन गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र में अब तक का सबसे बड़ा खेल महोत्सव है, जिसमें 13 हजार से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया। स्थानीय और पारंपरिक खेलों को भी इस महोत्सव में विशेष स्थान दिया गया है।

गढ़वाल के लिए अनिल बलूनी की प्रतिबद्धता की खेल मंत्री ने की खुलकर सराहना

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि अनिल बलूनी गढ़वाल के विकास को लेकर बेहद गंभीर और जुझारू सांसद हैं। उन्होंने कहा कि जब भी उनकी मुलाकात अनिल बलूनी से होती है, वे गढ़वाल के लिए कोई न कोई ठोस मांग जरूर रखते हैं। उन्होंने हंसमुख अंदाज में कहा कि “बलूनी जी गढ़वाल के लिए हर मुलाकात में मुझे ‘जिगर’ कर जाते हैं और खेलों को लेकर उनका जुनून साफ दिखाई देता है।”

खेल मंत्री ने बताया कि हाल ही में आयरलैंड यात्रा के दौरान भी अनिल बलूनी ने उनसे गढ़वाल में खेल अधोसंरचना को लेकर विस्तार से चर्चा की थी और हाई एल्टीट्यूड ट्रेनिंग, स्वीमिंग और विंटर स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत पर जोर दिया था।

जोशीमठ में बनेगा एथलेटिक्स ट्रैक

मनसुख मंडाविया ने कहा कि अनिल बलूनी के आग्रह पर जोशीमठ, चमोली में 8 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक के निर्माण को स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि गढ़वाल जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में विश्वस्तरीय खेल सुविधाएं विकसित कर यहां के युवाओं को बाहर जाने की मजबूरी से मुक्त किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में एक समग्र और मजबूत खेल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री की सोच है कि खेल सिर्फ प्रतिस्पर्धा नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनें, और इसी दिशा में सरकार निरंतर कार्य कर रही है।

हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि गढ़वाल की भौगोलिक परिस्थितियां खेल प्रशिक्षण के लिए आदर्श हैं। सांसद खेल महोत्सव जैसे आयोजनों से ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर उत्तराखंड को खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का काम कर रही हैं।

इस अवसर पर गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव का उद्देश्य केवल प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि गढ़वाल के हर युवा में खेल के प्रति आत्मविश्वास और अवसर पैदा करना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय खेल मंत्री के सहयोग से गढ़वाल में ऐसा खेल इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा, जिससे यह क्षेत्र आने वाले समय में देश के प्रमुख स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित होगा।

केंद्रीय खेल मंत्री ने कहा कि खेलों में कोई हारता नहीं, हर खिलाड़ी सीखता है और आगे बढ़ता है। उन्होंने विश्वास जताया कि गढ़वाल के युवा भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे और भारत को शीर्ष खेल राष्ट्रों में शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *