अमर संदेश, नई दिल्ली।देश को ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और बड़ी सफलता मिली है। एनएचपीसी लिमिटेड ने भारत की सबसे बड़ी जलविद्युत परियोजना—2000 मेगावाट क्षमता वाली सुबनसिरी लोअर जलविद्युत परियोजना की तीसरी यूनिट (250 मेगावाट, यूनिट-1) के वाणिज्यिक संचालन की घोषणा कर दी है।यह यूनिट 20 मार्च, 2026 को रात्रि 00:00 बजे से सफलतापूर्वक चालू हो गई, जिससे राष्ट्रीय ग्रिड में 250 मेगावाट स्वच्छ जलविद्युत क्षमता का इजाफा हुआ है।
अरुणाचल प्रदेश और असम में फैली इस महत्वाकांक्षी परियोजना की कुल स्थापित क्षमता 2000 मेगावाट (8×250 मेगावाट) है। तीसरी यूनिट के संचालन के साथ ही अब परियोजना की कुल 750 मेगावाट क्षमता सक्रिय हो चुकी है। इससे न केवल देश की बढ़ती बिजली मांग को पूरा करने में मदद मिलेगी, बल्कि ग्रिड स्थिरता और पीक आवर्स में बिजली आपूर्ति को भी मजबूती मिलेगी।
जलविद्युत क्षेत्र में यह उपलब्धि नवीकरणीय ऊर्जा को राष्ट्रीय ग्रिड में प्रभावी ढंग से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। वाणिज्यिक संचालन से पूर्व इस यूनिट का ट्रायल रन 27 फरवरी, 2026 को सफलतापूर्वक पूरा किया गया था, जो परियोजना की प्रगति का अहम पड़ाव रहा।
इस अवसर पर एनएचपीसी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री भूपेंद्र गुप्ता ने विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार तथा अरुणाचल प्रदेश और असम सरकारों के निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कार्यपालक निदेशक श्री राजेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में परियोजना टीम के समर्पण और निगम मुख्यालय के विभिन्न विभागों के योगदान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि यह सफल कमीशनिंग एनएचपीसी की तकनीकी दक्षता और उत्कृष्ट निष्पादन क्षमता का परिचायक है। यह उपलब्धि भारत सरकार के सतत, स्वच्छ और आत्मनिर्भर ऊर्जा क्षेत्र के लक्ष्य को सशक्त करने के साथ-साथ राष्ट्रीय ऊर्जा तंत्र को और अधिक लचीला बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
श्री गुप्ता ने विश्वास जताया कि इस सफलता से परियोजना की शेष यूनिटों के समयबद्ध संचालन का मार्ग भी प्रशस्त होगा, जिससे आने वाले समय में देश को और अधिक स्वच्छ ऊर्जा प्राप्त होगी।
सुबनसिरी लोअर परियोजना के जरिए एनएचपीसी देश के कोने-कोने तक स्वच्छ, सस्ती और भरोसेमंद बिजली पहुंचाने के अपने संकल्प को मजबूत कर रहा है। यह परियोजना न केवल ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करेगी, बल्कि हरित भविष्य की दिशा में भारत के कदमों को भी नई गति देगी।