भाजपा को मिला नया राष्ट्रीय अध्यक्ष उत्तराखंड भाजपा की संगठित भागीदारी ने दिखाया संगठन का सामर्थ्य
उत्तराखंड भाजपा का सशक्त प्रतिनिधिमंडल दिल्ली पहुंचा**
Amar sandesh नई दिल्ली। आज भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के नामांकन अवसर पर दिल्ली स्थित भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में संगठनात्मक एकजुटता और वैचारिक दृढ़ता का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला। उत्तराखंड भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का एक सशक्त प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में नामांकन कार्यक्रम में शामिल हुआ। यह अवसर न केवल पार्टी की आंतरिक मजबूती को दर्शाने वाला रहा, बल्कि इससे यह भी स्पष्ट हुआ कि भाजपा राष्ट्रवाद, अनुशासन और समर्पण के मूल मंत्र पर निरंतर आगे बढ़ रही है।
नामांकन कार्यक्रम में उत्तराखंड की राजनीति के लगभग सभी प्रमुख चेहरे मौजूद रहे। पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’, पूर्व मुख्यमंत्री एवं लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं सांसद अजय भट्ट, टिहरी लोकसभा सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष महेश कौशिक तथा उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष महत्व प्रदान किया। उत्तराखंड प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने भाजपा के व्यापक जनाधार और संगठनात्मक शक्ति को भी उजागर किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा कि भारतीय जनता पार्टी अपने विचार और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण के लिए जानी जाती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए कार्य करता है और इसी सामूहिक समर्पण के बल पर पार्टी आज दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बनी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं कर्मठ कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव-गांव और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रही हैं, जिससे हर वर्ग को वास्तविक लाभ मिल रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बातचीत के दौरान कहा कि भाजपा अनुशासन, समर्पण और संगठनात्मक प्रतिबद्धता की पार्टी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत सिद्ध होंगे और संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जहां एक साधारण बूथ कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और निष्ठा के बल पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे सर्वोच्च दायित्व तक पहुंच सकता है, जो भारतीय लोकतंत्र की वास्तविक आत्मा को दर्शाता है।
पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ र्सिंह रावत ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि भाजपा सत्ता की राजनीति नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि पार्टी की वैचारिक स्पष्टता और कार्यकर्ताओं का समर्पण ही उसकी सबसे बड़ी पूंजी है। तीरथ सिंह रावत ने कहा कि यह नामांकन कार्यक्रम संगठन की एकता, अनुशासन और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अटूट आस्था का प्रतीक है, जो आने वाले समय में देश को नई दिशा देगा।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड से आए सभी नेताओं ने पार्टी की नीतियों, जनकल्याणकारी कार्यों और राष्ट्रहित में लिए जा रहे निर्णयों पर विचार साझा किए। पूरे वातावरण में आत्मविश्वास, उत्साह और संगठनात्मक मजबूती स्पष्ट रूप से झलकती रही, जिसने यह संदेश दिया कि भारतीय जनता पार्टी भविष्य में भी अपने वैचारिक पथ पर दृढ़ता के साथ आगे बढ़ती रहेगी। शाम को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के नाम की घोषणा हो चुकी है, सुबह 11बजे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय कार्यालय में नितिन नबीन अपना कार्यभार संभालेंगे।

