Amar sandesh नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली स्थित यशोभूमि (अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी केंद्र) में आज से ‘भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026’ का भव्य शुभारंभ हो गया। चार दिवसीय यह प्रतिष्ठित आयोजन 19 से 22 मार्च 2026 तक आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े प्रमुख संस्थान, विशेषज्ञ और नीति-निर्माता भाग ले रहे हैं।
समिट के दौरान एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने एसजेवीएन पवेलियन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा सहित एनएचपीसी के निदेशक (कार्मिक) उत्तम लाल, निदेशक (परियोजनाएं) संजय कुमार सिंह, निदेशक (तकनीकी) सुप्रकाश अधिकारी तथा निदेशक (वित्त) महेश कुमार शर्मा समेत दोनों संगठनों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन के पश्चात उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने पवेलियन का विस्तृत अवलोकन किया। एसजेवीएन का यह पवेलियन ‘रिवर्स टू रिन्यूएबल्स’ थीम पर आधारित है, जिसमें कंपनी की जलविद्युत से लेकर विविधीकृत नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र तक की विकास यात्रा को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है।
समिट में ऊर्जा क्षेत्र के नवीनतम नवाचार, हरित ऊर्जा समाधान और भविष्य की संभावनाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। यह मंच देश के ऊर्जा क्षेत्र में निवेश, तकनीकी सहयोग और सतत विकास को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।विशेषज्ञों का मानना है कि ‘भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026’ जैसे आयोजन भारत को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर और वैश्विक नेतृत्व की ओर अग्रसर करने में मील का पत्थर साबित होंगे।