गोवाराष्ट्रीय

सशक्त भारत की ऊर्जा दृष्टि को नई उड़ान श्रीपद नाइक ने किया ग्लोबल एनर्जी लीडर्स समिट 2025 वेबसाइट लॉन्च”

Amar sandesh नई दिल्ली। विद्युत राज्य मंत्री श्रीपद नाइक ने नई दिल्ली में ग्लोबल एनर्जी लीडर्स समिट (जीईएलएस) 2025 के लोगो और वेबसाइट का शुभारंभ किया। यह प्रतिष्ठित समिट आगामी 5 से 7 दिसंबर, 2025 तक पुरी (ओडिशा) में आयोजित की जाएगी। इस आयोजन का संचालन ओडिशा सरकार द्वारा टोनी ब्लेयर इंस्टीट्यूट फॉर ग्लोबल चेंज के सहयोग से किया जाएगा।

इस अवसर पर ओडिशा के उपमुख्यमंत्री कनक वर्धन सिंह देव, ऊर्जा विभाग के प्रधान सचिव श्री विशाल देव, आईआईटी कानपुर के प्रोफेसर अनूप सिंह तथा टोनी ब्लेयर इंस्टीट्यूट के कंट्री डायरेक्टर (भारत) विवेक अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

श्री नाइक ने कहा कि जीईएलएस 2025 ऊर्जा परिवर्तन, जलवायु नेतृत्व और प्रौद्योगिकी-संचालित विकास पर एक राष्ट्रीय एवं वैश्विक संवाद का आरंभ है। उन्होंने भारत की बिजली उत्पादन, नवीकरणीय ऊर्जा, ट्रांसमिशन क्षमता और डिजिटल आधुनिकीकरण में हो रही तीव्र प्रगति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते ऊर्जा बाजारों में अग्रणी है।

श्री नाइक ने ओडिशा सरकार की सराहना करते हुए कहा कि ओडिशा देश का पहला राज्य है जिसने 1990 के दशक में बिजली क्षेत्र में सुधारों की दिशा में कदम बढ़ाया और दक्षता, लचीलापन तथा स्थिरता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता कायम रखी। उन्होंने कहा कि ओडिशा का मॉडल यह दर्शाता है कि विकास और पर्यावरणीय जिम्मेदारी साथ-साथ चल सकते हैं, जिससे स्वच्छ ऊर्जा निवेश, उद्योग और रोजगार को भी प्रोत्साहन मिलता है।

समिट की थीम “सशक्त भारत: पर्याप्तता, संतुलन, नवाचार” पर बोलते हुए श्री नाइक ने बताया कि यह प्रधानमंत्री के ऊर्जा विजन के चार स्तंभों ऊर्जा पहुंच, दक्षता, स्थायित्व और सुरक्षा पर आधारित है। उन्होंने कहा कि विद्युत मंत्रालय और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय इस शिखर सम्मेलन को हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।

श्री नाइक ने विश्वास व्यक्त किया कि जीईएलएस 2025 ऊर्जा नेतृत्व और सहयोग के लिए एक स्थायी मंच स्थापित करेगा तथा भारत की नेट-जीरो 2070 प्रतिबद्धताओं और राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित योगदान (एनडीसी) को प्राप्त करने में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।

अंत में, उन्होंने ओडिशा सरकार, ऊर्जा विभाग और सभी सहयोगी संस्थानों को समिट के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
जीईएलएस 2025 के बारे में:
ग्लोबल एनर्जी लीडर्स समिट (जीईएलएस) 2025 एक अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन है जो ऊर्जा क्षेत्र के वैश्विक दिग्गजों, नवप्रवर्तकों और नीति निर्माताओं को एक साझा मंच पर लाएगा। इसमें केंद्रीय और राज्य ऊर्जा मंत्री ऊर्जा के भविष्य को लेकर रणनीतिक चर्चाओं में भाग लेंगे।

अधिक जानकारी के लिए देखें https://www.gelsodisha2025.com/

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *