दिल्लीहमारी संस्कृति

नव संवत्सर पर राम मंदिर, आनंद विहार में भव्य भजन संध्या, सांस्कृतिक कार्यक्रम से गूंजा परिसर

Amar sandesh नई दिल्ली। आनंद विहार स्थित राम मंदिर में सनातन नव वर्ष (नव संवत्सर) के पावन अवसर पर आदिशंकराचार्य जनसेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में भव्य भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता रही, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं मंगलाचरण के साथ हुआ। इसके बाद भक्ति और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की आकर्षक श्रृंखला ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के बच्चों द्वारा स्वच्छता विषय पर प्रस्तुत लघु नाटिका विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों ने अपने अभिनय के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश दिया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम में प्रख्यात भजन गायक पंडित रवि प्रकाश शर्मा की सुमधुर प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उनके भजनों से पूरा वातावरण भक्ति रस में डूब गया।
इस अवसर पर ट्रस्ट की सदस्य आभा शर्मा ने सनातन नव वर्ष के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व भारतीय संस्कृति, प्रकृति और नवसृजन का प्रतीक है, जो जीवन में सकारात्मकता और अनुशासन का संदेश देता है।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद एवं भारत सरकार में राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा का उद्बोधन भी आकर्षण का केंद्र रहा। उन्होंने समाज में एकता, संस्कार और सनातन मूल्यों के संरक्षण पर बल देते हुए युवाओं से अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझने और अपनाने का आह्वान किया।
पूज्य साध्वी समाहिता ने “हिंदू जीवन शैली” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि सनातन धर्म केवल आस्था नहीं, बल्कि एक समग्र जीवन पद्धति है। उन्होंने दैनिक जीवन में संस्कार, संयम, योग, पर्यावरण संरक्षण और पारिवारिक मूल्यों को अपनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन महेश हिंगोरानी ने प्रभावशाली ढंग से किया। आयोजन को सफल बनाने में ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
ट्रस्ट अध्यक्ष दीपक गुप्ता ने मंदिर प्रबंधन समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक प्रार्थना, आरती और प्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने भाग लेकर नव वर्ष का स्वागत किया।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *