दिल्ली से गूंजा शिवराज सिंह चौहान का संदेश – स्वदेशी अपनाओ, भारत को सशक्त बनाओ**
*शिवराज सिंह चौहान ने किया सरस आजीविका मेले का शुभारंभ
Amar sandesh दिल्ली। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा आयोजित सरस आजीविका मेले का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किया। यह मेला 22 सितंबर तक चलेगा और इसमें 400 से अधिक स्वयं सहायता समूहों की लखपति दीदियां अपने उत्पाद प्रदर्शित कर रही हैं।
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य है कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाया जाए, और इसके लिए हमें स्वदेशी को अपनाना होगा। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से ‘वोकल फॉर लोकल’ को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
मेले का अवलोकन करते हुए मंत्री और मुख्यमंत्री ने ग्रामीण उद्यमियों के उत्पादों की गुणवत्ता और विविधता की जमकर तारीफ की। इस अवसर पर शिवराज सिंह ने लखपति दीदियों को अपने निवास पर सहभोज के लिए आमंत्रित किया और कहा कि जल्द ही देश में तीन करोड़ से अधिक महिलाएं लखपति दीदियों के रूप में आर्थिक रूप से सशक्त होंगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में दिल्ली भी ग्रामीण महिलाओं की मेहनत और आत्मनिर्भरता से नई ऊंचाइयां छुएगी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हमारी बहनें स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनें।
मेले में इंडिया फूड कोर्ट में विभिन्न राज्यों के पारंपरिक व्यंजन उपलब्ध हैं और प्रतिदिन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जो “एक भारत-श्रेष्ठ भारत” की भावना को और मजबूत करते हैं।
सरस मेला ग्रामीण स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुँचाने का मौका देता है। यह आयोजन न केवल ‘आत्मनिर्भर भारत’ के सपने को मजबूत करता है बल्कि भारत की समृद्ध शिल्प और संस्कृति को भी प्रदर्शित करता है।

