Post Views: 0
दिल्ली पुलिस सप्ताह 2026: 79वें स्थापना दिवस पर पूर्वी जिला पुलिस का मेगा सीनियर सिटीज़न्स शो, सम्मान और जागरूकता का संदेश
Amar sandesh दिल्ली।दिल्ली पुलिस सप्ताह 2026 के उपलक्ष्य में पूर्वी जिला पुलिस द्वारा महाराजा अग्रसेन कॉलेज में “ईस्टर्न रेंज – मेगा सीनियर सिटीज़न्स शो” का भव्य एवं सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा पुलिस अधिकारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।
यह आयोजन दिल्ली पुलिस के 79वें स्थापना दिवस के अवसर पर किया गया। वर्ष 1948 में दिल्ली पुलिस को एक स्वतंत्र बल के रूप में पुनर्गठित किया गया था, जबकि इसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि 1861 के पुलिस अधिनियम तक जाती है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (ईस्टर्न रेंज) राजीव रंजन, आईपीएस रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी जिला) अभिषेक धनिया, आईपीएस, पुलिस उपायुक्त (शाहदरा) प्रशांत गौतम, आईपीएस तथा कॉलेज के प्राचार्य संजीव कुमार तिवारी शामिल थे।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाने हेतु “दीप ग्रुप एंड टीम” द्वारा पैंटोमाइम तथा “आशाएं एक उम्मीद” द्वारा साइबर फ्रॉड एवं वरिष्ठ नागरिक सुरक्षा विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने सराहा।
मुख्य अतिथि राजीव रंजन, आईपीएस ने अपने संबोधन में कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं और उनके अनुभव व मार्गदर्शन से समाज को दिशा मिलती है। उन्होंने आश्वस्त किया कि दिल्ली पुलिस उनकी सुरक्षा, सम्मान और कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पूर्वी जिला) अभिषेक धनिया, आईपीएस ने कहा कि पूर्वी जिला पुलिस वरिष्ठ नागरिकों के साथ सतत संवाद, सुरक्षा सत्यापन और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन लेन-देन की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
दिनांक 16.02.2026 को जन्मदिन मना रहे वरिष्ठ नागरिकों का विशेष सम्मान किया गया। साथ ही कार्यक्रम में सहयोग देने वाले कलाकारों, अधिकारियों, सीनियर सिटीज़न सिक्योरिटी सेल के कर्मचारियों तथा पीआरओ टीम के सदस्यों को स्मृति-चिन्ह एवं प्रशंसा-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में हिंदू-मुस्लिम-सिख-ईसाई एकता अमन समिति के पदाधिकारीगण, पूर्वी रेंज के विभिन्न थानों के सहायक पुलिस आयुक्त एवं थाना अध्यक्ष, समाजसेवी, पुलिस मित्र तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से डॉ. परवेज़ मियां (अध्यक्ष), रियाजुद्दीन सैफी (कोषाध्यक्ष), एडवोकेट हरीश गोला (संगठन सचिव), इम्तियाज अहमद (वरिष्ठ सदस्य), कौशल कपूर (ऑनरेरी मनोनीत सदस्य), जेवियर नाथन (माननीय सदस्य), एसीपी अशोक कुमार (प्रीत विहार उप-मंडल), एसीपी श्रीमती अमनदीप कौर (मयूर विहार उप-मंडल) तथा थाना अध्यक्ष कमल किशोर (थाना शकरपुर) सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
एडवोकेट हरीश गोला, पुलिस मित्र थाना शकरपुर ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि यह कार्यक्रम पूर्वी जिला पुलिस की वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, साइबर जागरूकता और मजबूत सामुदायिक समन्वय के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज और पुलिस के बीच विश्वास को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
Like this:
Like Loading...
Related