Amar sandesh देहरादून।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय, बलबीर रोड, देहरादून में आज सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक भाजपा उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया संपन्न हुई। इस प्रक्रिया में राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने एकमात्र उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। ऐसे में उनका निर्विरोध भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद श अजय भट्ट सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
श्री महेंद्र भट्ट वर्तमान में राज्यसभा सांसद हैं तथा इससे पूर्व वे 30 जुलाई 2022 को भाजपा के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष बनाए गए थे। उन्होंने श्री मदन कौशिक का स्थान ग्रहण किया था। महेंद्र भट्ट वर्ष 2002 से 2007 तक नंदप्रयाग से विधायक रहे तथा 2017 में बदरीनाथ से चुनाव जीतकर पुनः विधानसभा पहुंचे थे। हालांकि 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पराजय का सामना करना पड़ा, फिर भी पार्टी ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष का दायित्व सौंपा।
2 अप्रैल 2024 को उन्हें भारतीय जनता पार्टी ने राज्यसभा के लिए उत्तराखंड से नामित किया। अपने राजनीतिक जीवन में स्पष्ट, मुखर और संगठन क्षमता के लिए जाने जाने वाले श्री भट्ट का जन्म वर्ष 1971 में सीमांत जनपद चमोली के ब्राह्मणथाला गांव में हुआ।
भाजपा के प्रदेश चुनाव अधिकारी श्री खजान दास ने रविवार को राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी श्री के. लक्ष्मण के निर्देशानुसार अध्यक्ष पद हेतु चुनाव अधिसूचना जारी की। उनके अनुसार, अध्यक्ष पद के लिए कुल 125 अधिकृत मतदाता हैं। हालांकि एकमात्र नामांकन श्री महेंद्र भट्ट का हुआ।