Post Views: 0
मुख्य अतिथि के. के. विश्नोई बोले-एक टीम जीतती है, दूसरी सीखती है; खिलाड़ी कभी नहीं हारता
Amar sandesh दिल्ली/जयपुर।गुलाबी नगरी जयपुर स्थित एस्ट्रो टर्फ हॉकी ग्राउंड, सवाई मानसिंह स्टेडियम में 29 जनवरी 2026 को 5वीं सॉफ्ट हॉकी नेशनल चैंपियनशिप 2025–26 का भव्य उद्घाटन समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर खेल भावना, अनुशासन और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान सरकार के खेल राज्य मंत्री श्री के. के. विश्नोई रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता सॉफ्ट हॉकी फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशुतोष पंत ने की। विशिष्ट अतिथियों में आईजी संदीप सिंह चौहान, शिखा पंत, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सॉफ्ट हॉकी फेडरेशन श्री जी. एस. राठौर, नेशनल वाइस चेयरमैन सॉफ्ट हॉकी लीग डॉ. आदित्य नाग, पुष्पेंद्र सिंह राठौर, रामावतार जी तथा संयुक्त सचिव श्री अरुण सिंह सहित फेडरेशन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री के. के. विश्नोई ने स्वयं सॉफ्ट हॉकी खेलकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि“एक टीम जीतती है और दूसरी सीखती है, खिलाड़ी कभी नहीं हारता। ऐसे आयोजन युवाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम हैं।”
उन्होंने सॉफ्ट हॉकी खेल की सराहना करते हुए इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
इस अवसर पर “हर घर हॉकी का उत्सव शुरू हुआ” का संदेश देते हुए सॉफ्ट हॉकी फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अशुतोष पंत ने कहा कि सॉफ्ट हॉकी देशभर में तेजी से लोकप्रिय हो रही है और यह खेल नई प्रतिभाओं को आगे लाने में अहम भूमिका निभा रहा है।
प्रतियोगिता में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, पुडुचेरी, राजस्थान, गुजरात सहित कई राज्यों की टीमों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। आयोजन में सवेरा हॉस्पिटल द्वारा मेडिकल पर्यटन सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
उद्घाटन दिवस का पहला मुकाबला सीनियर बॉयज़ वर्ग में महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के बीच खेला गया, जिसमें महाराष्ट्र ने मध्य प्रदेश को 9–1 के बड़े अंतर से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की।
समूचे आयोजन में खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक उत्साह का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला, जिससे सॉफ्ट हॉकी को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान और गति मिलने की प्रबल उम्मीद है।
Like this:
Like Loading...
Related