Thursday, March 12, 2026
दिल्लीराष्ट्रीयहमारी संस्कृति

श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में ‘स्पंदन 2026’ का भव्य आयोजन, हिंदी संस्कारों की भाषा  – सुधाकर पाठक

Amar sandesh नई दिल्ली। श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स की हिंदी साहित्य सभा द्वारा आयोजित वार्षिक उत्सव ‘स्पंदन 2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हिंदुस्तानी भाषा अकादमी के अध्यक्ष सुधाकर पाठक ने कहा कि हिंदी भारतीय संस्कृति की वाहक होने के कारण संस्कारों की भाषा है और यह विद्यार्थियों को एक सच्चा और बेहतर मनुष्य बनाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि श्री राम कॉलेज की हिंदी साहित्य सभा वर्षों से ‘स्पंदन’ जैसे आयोजनों के माध्यम से हिंदी और साहित्य के संवर्धन का महत्वपूर्ण कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि हिंदी अकादमी के पूर्व उपसचिव ऋषि कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए सभी विजेताओं को शुभकामनाएं दीं।
श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रतियोगिताओं और साहित्यिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। पहले दिन ‘बोलिए जनाब एक मिनट’ (आशु भाषण प्रतियोगिता), ‘नहले पे दहला’ (वाद-विवाद प्रतियोगिता) तथा रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिनमें दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दूसरे दिन कॉलेज सभागार में ‘कवि के बोल’ शीर्षक से स्वरचित कविता प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में वरिष्ठ शिक्षाविद डॉ. सुधा शर्मा ‘पुष्प’, राजभाषा अधिकारी डॉ. रेखा चंचेला, सहायक निदेशक (राजभाषा) सत्येंद्र राठी, डॉ. राजकुमारी शर्मा, कवयित्री तरुणा पुंडीर ‘तरुनिल’, सुश्री सोनी मिश्रा और युद्धवीर सिंह सूद शामिल रहे।
वाद-विवाद प्रतियोगिता ‘नहले पे दहला’ में हिंदू कॉलेज की टीम (वैभव, सुधांशु और लवीशा) विजेता रही, जबकि गार्गी कॉलेज की टीम (हर्षिता, अधिशा और सौम्या) द्वितीय स्थान पर रही। ‘बोलिए जनाब एक मिनट’ प्रतियोगिता में वैभव मालावत (हिंदू कॉलेज) प्रथम, अनुराग शुक्ल (रामजस कॉलेज) द्वितीय तथा मोहम्मद जीशान (देशबंधु कॉलेज) तृतीय स्थान पर रहे। रचनात्मक लेखन प्रतियोगिता में करण कुमार (दयाल सिंह कॉलेज), ऋतेश डोंगरे और अंकित तोमर (रामजस कॉलेज) विजेता रहे।
‘कवि के बोल’ स्वरचित कविता प्रतियोगिता में अमर झा (पी.जी.डी.ए.वी. कॉलेज), शुभांगी पांडेय (दौलत राम कॉलेज) और राघव गुप्ता (रामजस कॉलेज) ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विजेता स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित वक्ता सत्र में टाइम्स नाउ चैनल के सुमित अवस्थी ने विद्यार्थियों को शुद्ध हिंदी के प्रयोग और हिंदी के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। वहीं वरिष्ठ आईएएस अधिकारी आशुतोष अग्निहोत्री के नवीनतम काव्य संग्रह ‘मैं बूँद स्वयं खुद सागर हूँ’ पर इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के महाप्रबंधक आलोक अविरल ने रोचक संवाद और परिचर्चा की।
इसके बाद आयोजित कवि सम्मेलन में वरिष्ठ कवि आलोक अविरल (अध्यक्षता), जुबेर अली ताबिश, तनोज दाधीच (संचालन), अंकित मोर्य, सत्यम त्रिपाठी और रागिनी झा धृति ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम के अंत में हिंदी विभाग के अध्यक्ष प्रो. रवि शर्मा ‘मधुप’ ने ‘स्पंदन 2026’ के सफल आयोजन के लिए हिंदी साहित्य सभा की पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की तथा डॉ. राजकुमारी शर्मा, डॉ. सुनीत कुमार और श्री अभिलाष के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी निर्णायकों, अतिथियों और प्रतिभागियों का भी धन्यवाद किया।
इस आयोजन की सफलता में कात्यायनिका, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, दैनिक जागरण, यूबोन, फ्रैस्का और ईवपेपर सहित कई संस्थाओं का उल्लेखनीय सहयोग रहा।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *