राष्ट्रीयहरियाणा

प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत विजन को आगे बढ़ाएगा विकसित हरियाणा: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी**

Amar sandesh चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने के लिए “विकसित हरियाणा” का निर्माण करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के विकास के बिना भारत का सर्वांगीण विकास संभव नहीं। मुख्यमंत्री पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय “पंचकमल” में आयोजित प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” पर आधारित प्रदेश स्तरीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री सैनी ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि वे हर बूथ पर 100 प्रतिशत “मन की बात” कार्यक्रम का श्रवण सुनिश्चित करें और लोगों को इसके माध्यम से जुड़ाव का अनुभव कराएं। उन्होंने कहा कि “मन की बात” केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि यह प्रेरणा, सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना का वाहक है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि “मन की बात” राजनीति से ऊपर उठकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का माध्यम है। इसके माध्यम से प्रधानमंत्री मोदी देशवासियों को प्रेरित करते हैं और अच्छे कार्यों को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यकर्ताओं को चाहिए कि वे 70 वर्ष से अधिक उम्र के उन नागरिकों के आयुष्मान कार्ड बनवाने में सहयोग करें, जिनके अभी तक कार्ड नहीं बने हैं।

मुख्यमंत्री सैनी ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण की अपील करते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और दूसरों को भी प्रेरित करें

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि “मन की बात” केवल कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनमानस से आत्मीय जुड़ाव का सशक्त माध्यम है। यह सेवा, प्रेरणा और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने बताया कि पिछली बार हरियाणा के 17,663 बूथों पर “मन की बात” का श्रवण व अपलोड किया गया था, जबकि इस बार लक्ष्य 20,629 बूथों पर कार्यक्रम को सुनाने और रिकॉर्ड करने का है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को इमरजेंसी (आपातकाल) के 50 वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस के काले अध्याय को उजागर करने हेतु जिला स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की अपील भी की।

कार्यशाला में भाजपा के संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा, प्रदेश महामंत्री एवं “मन की बात” कार्यक्रम के प्रदेश संयोजक सुरेंद्र पूनिया, प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, प्रदेश आईटी प्रमुख आदित्य चावला सहित “मन की बात” टोली के सभी सदस्य, लोकसभा व जिला संयोजक, मंडल संयोजक, प्रदेश व जिला आईटी टीम के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष व संगठन मंत्री ने कार्यशाला से पहले पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *