Post Views: 0
Amar sandesh नई दिल्ली, 12 मार्च। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने के बावजूद भारत में पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता पूरी तरह सुरक्षित है। लोकसभा में यह जानकारी देते हुए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, एटीएफ, केरोसीन और एलपीजी की कोई कमी नहीं है और आपूर्ति व्यवस्था सामान्य रूप से चल रही है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि पश्चिम एशिया में हालिया सैन्य घटनाक्रम के कारण Strait of Hormuz से होकर गुजरने वाली वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति बाधित हुई है। इस मार्ग से दुनिया के लगभग 20 प्रतिशत कच्चे तेल, 20 प्रतिशत प्राकृतिक गैस और 20 प्रतिशत एलपीजी की आपूर्ति होती है। इसके बावजूद भारत ने अपनी ऊर्जा आपूर्ति के स्रोतों में विविधता लाकर स्थिति को नियंत्रित रखा है।
उन्होंने कहा कि पहले भारत के लगभग 45 प्रतिशत कच्चे तेल का आयात हॉर्मुज मार्ग से होता था, लेकिन अब गैर-हॉर्मुज स्रोतों से आयात बढ़ाकर करीब 70 प्रतिशत कर दिया गया है। भारत वर्तमान में 40 देशों से कच्चा तेल आयात कर रहा है, जिससे आपूर्ति के पर्याप्त विकल्प उपलब्ध हैं। देश की रिफाइनरियां भी उच्च क्षमता पर काम कर रही हैं और कई स्थानों पर उत्पादन क्षमता 100 प्रतिशत से अधिक है।
प्राकृतिक गैस की उपलब्धता के बारे में मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बताया कि देश में प्रतिदिन लगभग 90 एमएमएससीएमडी गैस का घरेलू उत्पादन हो रहा है और वैकल्पिक मार्गों से एलएनजी की आपूर्ति लगातार जारी है। सरकार ने प्राथमिकता के आधार पर गैस वितरण की व्यवस्था की है, जिसके तहत घरों में पाइप्ड गैस और वाहनों के लिए सीएनजी की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित रखी गई है। उद्योगों और उर्वरक संयंत्रों को भी आवश्यक मात्रा में गैस उपलब्ध कराई जा रही है।
एलपीजी के संबंध में मंत्री श्री पुरी ने कहा कि पहले भारत अपनी लगभग 60 प्रतिशत जरूरत खाड़ी देशों से आयात करता था, लेकिन अब अमेरिका, नॉर्वे, कनाडा, अल्जीरिया और रूस सहित अन्य देशों से भी आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। सरकार के निर्देश पर रिफाइनरियों में एलपीजी उत्पादन बढ़ाया गया है और पिछले कुछ दिनों में इसमें लगभग 28 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। देश के 33 करोड़ से अधिक परिवारों को घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित है और सिलेंडर की डिलीवरी का समय भी सामान्य है।
मंत्री ने बताया कि जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। व्यावसायिक एलपीजी के वितरण को नियंत्रित करने के लिए I इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड, हिंदुस्तान पैट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड, भारत पैट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड, के अधिकारियों की तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है, जो राज्यों के साथ मिलकर आवश्यकतानुसार आपूर्ति सुनिश्चित कर रही है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक बाजार में कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद सरकार ने उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ नहीं पड़ने दिया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए दिल्ली में 14.2 किलोग्राम एलपीजी सिलेंडर की कीमत 613 रुपये है, जबकि गैर-सब्सिडी उपभोक्ताओं के लिए यह 913 रुपये है।
केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत की ऊर्जा आपूर्ति व्यवस्था मजबूत है और सरकार देश के नागरिकों को पेट्रोलियम उत्पादों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार कदम उठा रही है। साथ ही उन्होंने लोगों से अफवाहों से बचने और अनावश्यक खरीद से परहेज करने की अपील की।
Like this:
Like Loading...
Related