उत्तर प्रदेशउत्तराखण्डदिल्लीमध्य प्रदेशराजस्थानराष्ट्रीयहरियाणा

दिल्ली प्रदेश भाजपा के गौरवशाली नए अध्याय की शुरुआत — प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया नवनिर्मित कार्यालय का लोकार्पण

अमर चंद्र, नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक यात्रा में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ा जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दीनदयाल उपाध्याय मार्ग पर दिल्ली भाजपा के नवनिर्मित निजी कार्यालय का लोकार्पण किया। यह अवसर दिल्ली भाजपा कार्यकर्ताओं और संगठन के लिए भावनात्मक और गौरवशाली दोनों ही रहा।

आज प्रातः प्रदेश अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने अपनी धर्मपत्नी के साथ प्रवेश पूर्व हवन-पूजन किया जिसमें राष्ट्रीय संगठन महामंत्री श्री बी.एल. संतोष और अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के बीच सम्पन्न इस अनुष्ठान ने समारोह को पावन और शुभ बना दिया। इसके पश्चात् दिन भर कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं का आगमन होता रहा और शाम को आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नए भवन का उद्घाटन किया।

यह भवन न केवल दिल्ली भाजपा के लिए एक स्थायी और भव्य कार्यालय है बल्कि संगठन की आत्मा और कार्यकर्ताओं के संस्कारों का केन्द्र भी माना जा रहा है। 9 जून 2023 को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने इस भवन का शिलान्यास किया था और आज शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करकमलों से इसका लोकार्पण हुआ। जनसंघ काल से लेकर भाजपा की वर्तमान यात्रा तक संगठन के पास निजी कार्यालय का न होना कार्यकर्ताओं के लिए हमेशा एक अधूरी कमी रही थी, जो आज पूरी हो गई।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का कार्यालय केवल एक भवन नहीं बल्कि जीवंत संपर्क का केन्द्र है। उन्होंने कहा कि कार्यालय और ऑफिस में अंतर होता है — जहां ऑफिस सुबह खुलकर शाम को बंद हो जाता है, वहीं कार्यालय चौबीस घंटे और सातों दिन संगठन और जनता के लिए खुला रहता है। यह केवल मिलने-जुलने की जगह नहीं बल्कि संस्कारों का उद्गम स्थल है, जो कार्यकर्ताओं को दिशा और प्रेरणा प्रदान करता है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अपने उद्बोधन में कहा कि लंबे इंतजार के बाद दिल्ली भाजपा को अपना निजी कार्यालय मिला है और यह सब प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की दूरदृष्टि और संगठनशीलता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का एक-एक पल पार्टी और देश की सेवा में समर्पित है। श्री नड्डा ने बताया कि प्रधानमंत्री जी ने हमेशा इस बात पर जोर दिया कि सरकारी भवनों से पार्टी कार्यालय नहीं चल सकता और इसी दृष्टि से आज देशभर में 617 कार्यालयों के बाद यह 618वां कार्यालय कार्यकर्ताओं को समर्पित हुआ है। उन्होंने इसे शोध, पुस्तकालय, सम्मेलन और मीडिया की आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक कार्य-संस्कृति केन्द्र बताया।

दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने इस अवसर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा पखवाड़ा से जोड़ते हुए कहा कि इस समय उद्घाटन का होना और भी विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्णय, साहस और प्रेरणा से हर कार्यकर्ता निडर होकर आगे बढ़ने का संकल्प लेता है। धारा-370 हटाने से लेकर सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर तक के साहसिक निर्णय कार्यकर्ताओं के लिए ऊर्जा का स्रोत हैं।

आज के समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ मंच पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा, सह प्रभारी डा. अल्का गुर्जर, केन्द्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, सांसद मनोज तिवारी, रामवीर सिंह बिधूड़ी, योगेन्द्र चांदोलिया, श्रीमती कमलजीत सहरावत, प्रवीन खंडेलवाल, सुश्री बाँसुरी स्वराज, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा,

कपिल मिश्रा, डा. पंकज सिंह एवं श्री इन्द्रराज सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह, एन.डी.एम.सी. उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल एवं प्रदेश महामंत्री श विष्णु मित्तल भी उपस्थित थे।

राष्ट्रीय स्तर पर वी. सतीश, बैजयंत जय पांडा, अरूण सिंह, विनोद तावड़े, दुष्यंत गौतम, अनिल बलूनी एवं श्री ओमप्रकाश धनखड़ सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हुए। केन्द्रीय मंत्री पियूष गोयल और एस.पी.एस. बघेल ने गरिमामयी उपस्थिति दी। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. हर्षवर्धन, विजय गोयल, सतीश उपाध्याय, मनोज तिवारी, आदेश गुप्ता तथा पूर्व संगठन महामंत्री विजय शर्मा और पवन शर्मा के साथ अधिकांश विधायक और पार्षद भी उपस्थित रहे।

इस समारोह के दौरान वेदव्यास महाजन, ओ.पी. बब्बर, जगदीश मुखी, रामभज, श्याम लाल गर्ग, लाल बिहारी तिवारी, मूलचंद चावला, चांद राम, जीत राम सोलंकी, श्रीमती अनिता आर्या, राधेश्याम शर्मा, सुमन कुमार गुप्ता सहित 250 से अधिक वरिष्ठ एवं बुजुर्ग कार्यकर्ताओं ने इस ऐतिहासिक क्षण को देखा। अनेक कार्यकर्ताओं की आंखें भावुक होकर छलक आईं। निवर्तमान सांसद श्रीमती मीनाक्षी लेखी और रमेश बिधूड़ी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।

नवनिर्मित कार्यालय का उद्घाटन कार्यकर्ताओं के लिए दीपावली पूर्व ही दीपावली का उत्सव साबित हुआ। इस अवसर ने दिल्ली भाजपा के इतिहास में एक नए युग का सूत्रपात किया।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *