अन्य राज्यराष्ट्रीय

बंगाल चुनाव: भाजपा का ‘भरोसे का पत्र’ जारी, ममता बनर्जी का पलटवार

Amar sandesh कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को अपना चुनावी घोषणा पत्र ‘भरोसे का पत्र’ जारी किया, जिसमें महिलाओं और युवाओं के लिए आर्थिक सहायता सहित कई अहम वादे किए गए हैं।

घोषणा पत्र जारी करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 3000 रुपये तथा बेरोजगार युवाओं को भी 3000 रुपये प्रतिमाह सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अतिरिक्त, सरकार बनने के छह माह के भीतर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने का वादा भी किया गया है।

घोषणा पत्र में सरकारी कर्मचारियों के लिए 45 दिनों के भीतर सातवां वेतनमान लागू करने, राज्य की नौकरियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने तथा 75 लाख ‘लखपति दीदी’ बनाने का लक्ष्य भी शामिल है। इसके साथ ही घुसपैठियों की पहचान कर कार्रवाई करने, सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने और उद्योगों को बढ़ावा देने की बात कही गई है।

वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा पर तीखा हमला किया। नॉर्थ 24 परगना के टेंटुलिया में आयोजित एक रैली में उन्होंने कहा, “सांप पर भी भरोसा किया जा सकता है, लेकिन भाजपा पर नहीं।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को स्थानीय लोगों के समर्थन पर भरोसा नहीं है।

चुनाव आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार राज्य में मतदान दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को होगा, जबकि मतगणना 4 मई को की जाएगी।

Share This Post:-
Post Views: 37 Views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *