कारोबारराष्ट्रीय

ओएनजीसी के मुख्य सतर्कता अधिकारी रंजन प्रकाश ठाकुर को सेवा विस्तार, 30 सितंबर 2026 तक रहेंगे पद पर

Amar chand नई दिल्ली। देश की महारत्न कंपनी ओएनजीसी में भारत सरकार की नियुक्ति समिति (ACC) ने रंजन प्रकाश ठाकुर (IRTS) का मुख्य सतर्कता अधिकारी (CVO) के रूप में प्रतिनियुक्ति कार्यकाल को बढ़ा दिया है। वे अब इस पद पर 30 सितंबर 2026 — यानी उनके सेवानिवृत्त होने की तिथि ,या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, तक बने रहेंगे।
ज्ञात हो रंजन प्रकाश ठाकुर ने 29 अप्रैल 2022 को ओएनजीसी में CVO का कार्यभार संभाला था। इस भूमिका में वे कंपनी में पारदर्शिता को बढ़ावा देने, आंतरिक निगरानी को मजबूत करने और सतर्कता प्रशासन की देखरेख की जिम्मेदारी संभालते हैं।

IRTS (1990 बैच) के वरिष्ठ अधिकारी श्री ठाकुर को सार्वजनिक सेवा एवं प्रशासन में 30 से अधिक वर्षों का अनुभव है। इससे पहले वे जम्मू-कश्मीर सरकार में उद्योग, वाणिज्य और नागरिक उड्डयन विभाग में प्रमुख सचिव रहे। 2021 में उन्होंने एनटीपीसी में कार्यपालक निदेशक (ईंधन परिवहन) की भी जिम्मेदारी संभाली।
भारतीय रेलवे में उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है, जिनमें रेलवे मंत्रालय में कार्यपालक निदेशक (2015-17), पटना/दानापुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (2017–2020), और 2020 में मुख्य सुरक्षा अधिकारी शामिल हैं। प्रारंभिक वर्षों में उन्होंने रेलवे मंत्रालय में निदेशक (यात्री विपणन) और निदेशक (समन्वय) के रूप में भी कार्य किया।

वे 2007 से 2012 तक पर्यटन और संस्कृति व सूचना एवं प्रसारण मंत्री के निजी सचिव भी रहे, और 2012 से 2014 तक दूरदर्शन में अतिरिक्त महानिदेशक का पद संभाला।
श्री ठाकुर ने सेंट स्टीफंस कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक, भारतीय विदेश व्यापार संस्थान (IIFT) से एमबीए और आईआईएम इंदौर से प्रबंधन शिक्षा प्राप्त की है। उन्होंने जर्मनी से मल्टी-मोडल ट्रांसपोर्ट में डिप्लोमा भी किया है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *