Monday, November 30, 2026
Latest:
उत्तराखण्डस्वास्थ्य

9वीं राज्यस्तरीय मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में रिखणीखाल के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, हीरा सिंह नेगी और शकुंतला नेगी का

13 जनपदों के 190 खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, 35 से 90 वर्ष से आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा; रिखणीखाल विकास समिति के पांच सदस्यों ने पदक जीतकर बढ़ाया क्षेत्र का गौरव

 

Amar Sandesh, दिल्ली/देहरादून। खेल के प्रति जुनून, अनुशासन और कुछ कर दिखाने का जज्बा उम्र का मोहताज नहीं होता। इस बात को उत्तराखंड की 9वीं राज्यस्तरीय मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से साबित कर दिया। केंद्रीय विद्यालय ओएनजीसी, देहरादून के खेल मैदान में 28 एवं 29 नवंबर 2026 को आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 13 जनपदों से लगभग 190 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। 35 से लेकर 90 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक क्षमता का परिचय दिया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रथम दिन मुख्य अतिथि उत्तराखंड खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, तथा चंदन सिंह नेगी (द्वारी) सेवानिवृत उप निदेशक ओएनजीसी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर देवभूमि मास्टर एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार सूद, महासचिव सतीश चंद चौहान तथा जनपद देहरादून के अध्यक्ष हीरा सिंह नेगी ने अतिथियों एवं खिलाड़ियों का स्वागत किया। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

रिखणीखाल के खिलाड़ियों ने पदकों से बढ़ाया क्षेत्र का मान

इस प्रतियोगिता में देहरादून रिखणीखाल विकास समिति के पांच सदस्यों ने प्रतिभाग करते हुए विभिन्न स्पर्धाओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं। समिति के अध्यक्ष हीरा सिंह नेगी ने हाई जंप, ट्रिपल जंप और डिस्कस थ्रो में तीन स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। वहीं पदुमन रावत ने ट्रिपल जंप और भाला फेंक में प्रथम स्थान तथा डिस्कस थ्रो में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

रिखणीखाल विकास समिति के लिए ग्राम कुमाल्डी की शकुंतला नेगी की उपलब्धि भी विशेष रूप से गौरवपूर्ण रही। उन्होंने 5000 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान तथा 100 मीटर हेडल्स और 400 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त कर एक स्वर्ण और दो रजत पदक अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल रिखणीखाल क्षेत्र बल्कि ग्राम कुमाल्डी का नाम भी रोशन किया।

इसी क्रम में राजवीर सिंह रावत ने डिस्कस थ्रो में तृतीय, 100 मीटर दौड़ में द्वितीय तथा गोला फेंक में तृतीय स्थान प्राप्त कर समिति का गौरव बढ़ाया।

देवभूमि मास्टर एथलेटिक एसोसिएशन के महासचिव सतीश चंद चौहान ने भी तीनों स्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल कर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार परिचय दिया। एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण कुमार सूद ने डिस्कस थ्रो में तृतीय तथा जैवलिन थ्रो में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में अन्य खिलाड़ियों ने भी अपने-अपने आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पदक और स्थान हासिल किए।

खेल और स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश

प्रतियोगिता के दूसरे दिन 29 नवंबर को रिखणीखाल विकास समिति के संरक्षक चंदन सिंह नेगी ने खिलाड़ियों को संबोधित किया। चंदन सिंह नेगी यूएनजीसी में उप निदेशक पद से सेवानिवृत्त हैं तथा देहरादून के बल्लूपुर क्षेत्र से दो बार निर्वाचित पार्षद रह चुके हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उत्साह और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि जीवन में स्वस्थ रहने के लिए नियमित व्यायाम, खेलकूद और शारीरिक सक्रियता बेहद जरूरी है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ आगे बढ़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

उम्र नहीं, हौसला तय करता है उपलब्धियों की ऊंचाई

9वीं राज्यस्तरीय मास्टर एथलेटिक्स प्रतियोगिता ने एक बार फिर साबित किया कि खेल केवल युवाओं तक सीमित नहीं हैं। वरिष्ठ आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने मैदान में उतरकर जिस ऊर्जा, आत्मविश्वास और अनुशासन का परिचय दिया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश है। विशेष रूप से रिखणीखाल विकास समिति के पांच सदस्यों की उपलब्धियां क्षेत्र में खेल संस्कृति और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को नई प्रेरणा देती हैं।

अमर संदेश की दृष्टि में ऐसे आयोजन केवल खेल प्रतियोगिताएं नहीं, बल्कि समाज में स्वस्थ जीवन, सक्रियता, सकारात्मक सोच और आपसी सहभागिता को बढ़ावा देने का सशक्त माध्यम हैं। उत्तराखंड के इन वरिष्ठ खिलाड़ियों का प्रदर्शन आने वाली पीढ़ियों को यह प्रेरणा देता है कि लक्ष्य हासिल करने के लिए उम्र कभी बाधा नहीं बनती, जरूरत केवल संकल्प, मेहनत और निरंतर प्रयास की होती है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

3 + 5 =