Post Views: 0
सी एम पपनै
नई दिल्ली। देश के प्रथम चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत की 68वीं जयंती के अवसर पर जीबीआर मेमोरियल फाउंडेशन आफ इंडिया द्वारा 16 मार्च को नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्शन क्बल आफ इंडिया में पांचवें सीडीएस जनरल बिपिन रावत मेमोरियल लेक्चर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित, चीफ ऑफ इंटीग्रेटेड डिफेंस स्टाफ तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि की प्रभावी उपस्थिति रही।
आयोजित कार्यक्रम का श्रीगणेश दीप प्रज्वलित कर किया गया। उपस्थित सभी जनों द्वारा जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके जीवन, नेतृत्व और सैन्य दृष्टिकोण के साथ-साथ उनके योगदान और मिशन पर डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शन के माध्यम से प्रकाश डाला गया।
आयोजन के इस अवसर पर मुख्य अतिथि एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित द्वारा कहा गया, जनरल बिपिन रावत ने थियेटर कमांड बनाने का जो सपना देखा था वह अब पूरा होने वाला है। इसके लिए सीडीएस जनरल अनिल चौहान के नेतृत्व में अब काम अंतिम चरण में है और कुछ समय बाद जनरल बिपिन रावत का यह सपना साकार हो जाएगा। इसके लिए तीन कमांड बनाई जायेगी। एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित द्वारा कहा गया, आज विश्व में रूस और यूक्रेन का युद्ध हो या अमेरिका और ईरान का युद्ध, भारतीय सेना इनमें पूरी नजर बनाए हुए है और इन युद्धों से बहुत कुछ सीख मिल रही है।
एयर मार्शल आशुतोष दीक्षित द्वारा कहा गया, भारत आज आत्मनिर्भरता की दिशा में जिस मजबूती से आगे बढ़ रहा है, उसमें जनरल बिपिन रावत की दूरदर्शी सोच और पहल का बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि यदि आज भारत अपने बल पर मजबूती से खड़ा है तो यह जनरल बिपिन रावत जैसे दूरदर्शी सेना प्रमुखों की ही देन है जिन्होंने सशस्त्र सेनाओं के आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भर रक्षा व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए।
आयोजन के इस अवसर पर जी बी आर मेमोरियल फाउंडेशन आफ इंडिया अध्यक्ष एवं पूर्व वायुसेना प्रमुख आर के एस भदौरिया, जनरल बिपिन रावत की पुत्री तारिणी रावत, एयर वाइस मार्शल राजेश भंडारी, लेफ्टिनेंट जनरल अनिल भट्ट, कर्नल एस पी एस परमार, भारतीय उद्योग जगत से जुड़े टी सी उप्रेती, एम जी रंगाराव, स्वेता पुरोहित तथा वरिष्ठ रक्षा पत्रकार मनजीत नेगी सहित कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी शामिल रहे। कार्यक्रम में तीनों सेनाओं जल, थल और नभ के साथ-साथ पैरामिलिट्री बलों के कई अधिकारी तथा रक्षा और सुरक्षा क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
आयोजित कार्यक्रम के इस अवसर पर उन व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया जो जनरल बिपिन रावत के विज़न को आगे बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं। कार्यक्रम समापन पर एयर वाइस मार्शल राजेश भंडारी द्वारा सभी गणमान्य अतिथियों और उपस्थित प्रबुद्ध जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
कार्यक्रम आयोजक जीबीआर मेमोरियल फाउंडेशन आफ इंडिया का उद्देश्य जनरल बिपिन रावत के विज़न को आगे बढ़ाते हुए वंचित लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को भारतीय सशस्त्र बलों और सिविल सेवाओं में अधिकारी बनने के लिए प्रेरित करना और उन्हें उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना रहा है। इसके तहत ऐसे युवाओं को एनडीए, एनए, सीडीएस और यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण देने की योजना फाउंडेशन द्वारा क्रियान्वित की गई है।
Like this:
Like Loading...
Related