राजस्थानराष्ट्रीय

केंद्रीय नेतृत्व ने सहज, सरल और जमीन से जुड़े हुए कार्यकर्ता को प्रदेश की कमान सौंपी है—-सीपी जोशी 

विश्व पटल पर भारत का परचम फहराने का काम पीएम मोदी ने किया है—-मदन राठौड़

 

………………………………….

जयपुर, 03 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पदभार ग्रहण करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यक्रर्ताओं के सम्मान और स्वाभिमान के लिए खून पसीना एक कर दूंगा। उन्होंने कार्यक्रम में प्रदेशभर से पधारे हुए हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति पर भावविभोर होकर कहा कि ये एक सामान्य कार्यकर्ता के प्रति जो स्नेह और सम्मान मुझे दिया गया है उसका मैं ऋणी हूं। जो मार्गदर्शन मुझे मिला है उसके अनुसार संगठन और सत्ता के मध्य सेतु बनकर शीर्ष नेतृत्व द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरा करूंगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता जिस मोहल्ले में रहते है, वो वहां सरकार के प्रतिनिधि है। आज राज कार्यकर्ताओं का है, सरकार कार्यकर्ताओं की है और सरकार के द्वारा किए गए कार्यों को जनता तक ले जाने की जिम्मेदारी भी कार्यकर्ताओं की है।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने राजस्थानी गीत का उदाहरण देते हुए कहा कि विवाह में दूल्हे के लिए परिजन महिलाएं गीत गाती है कि ‘‘बन्ना म्हारो केशरियो हजारी गुल रो फूल…‘‘। वैसे ही देश का नेतृत्व करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान का नेतृत्व करने वाले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा हम सबके दूल्हे है। राठौड़ ने कहा कि मेरे पूर्ववर्ती नेतृत्वकर्ताओं ने संगठन को मजबूती देने का और आगे बढ़ाने का काम बड़े शिद्दत से किया है। मैं उनसे प्रेरणा लेकर और उनके मार्गदर्शन में जो विश्वास केंद्रीय नेतृत्व ने जताया है और जो भरोसा कार्यकर्ताओं ने किया है उस पर खरा उतरने में कोई कौर कसर नहीं छोडूंगा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 10 सालों में देश का मान और सम्मान बढ़ा है। विश्व पटल पर भारत का परचम फहराने का काम पीएम मोदी ने किया है। इसकी बानगी रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच भारतीयों को सकुशल निकलवाने का काम किया था।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का अभिनंदन करते हुए कहा कि मदन राठौड़ के नेतृत्व में हमसब भाजपा के विचार की इस यात्रा को आगे बढ़ाएंगे। हमारे कार्यकर्ताओं ने विचार और संस्कार के लिए संघर्ष किया है, जिसका परिणाम है कि पिछले 7 माह में हमने भाजपा के संकल्प पत्र में जनता से किए गए वादों में से 45 फीसदी को पूरा करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुशासन में जनता परेशान थी, पेपरलीक हो रहे थे। भाजपा की सरकार बनने के साथ ही एसआईटी का गठन कर पेपर माफियाओं की कमर तोड़ने का काम किया गया। आज 115 से ज्यादा पेपर लीक माफिया जेल की सलाखों के पीछे है।

सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेता कहते है कि अभी तो मछलियां पकडी गई है, मगरमच्छ बाहर है मैंने उनको भी कहा है और आपको विश्वास दिलाता हूं कि जल्द ही मगरमच्छ भी शिंकजे में होंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने युवाओं के सपने को चकनाचूर करने का काम किया और हम अगले पांच सालों में चार लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देंगे।

भाजपा के निवर्तमान प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि कांग्रेस जाति और मजहब के नाम पर देश को बांटने का षडयंत्र कर रही है। उसे रोजे में रोजेदारों के लिए अलग से व्यवस्थाएं करना अच्छा लगता है लेकिन श्रावण के पवित्र माह में कावड़ियों की आस्था का सम्मान करना नागवार गुजरता है। कांग्रेस ने सदा संतों और सनातन का निराधर किया है। इस कारण देश और प्रदेश की जनता ने सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। जोशी ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि दूसरों की जाति पूछने वाले आज स्वयं की जाति छुपाते घुम रहे है।

उन्होंने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने मदन राठौड़ जैसे सहज, सरल और जमीन से जुड़े हुए कार्यकर्ता को प्रदेश की कमान सौंपी है। इसके लिए शीर्ष नेतृत्व का आभार और हम सब मिलकर उनके नेतृत्व में काम करेंगे। उन्होंने पीएम मोदी का धन्यवाद दिया कि राजस्थान के दो लाडलों को संसद के दोनों सदनों की जिम्मेदारी सौंपी है, वहीं हमारे दो पूर्व प्रदेशाध्यक्षों गुलाब चंद कटारिया और ओम प्रकाश माथुर को राज्यपाल नियुक्त किया है।

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे ने कहा कि राजनीति में उतार-चढाव आते रहते है, हर किसी को इस दौर से गुजरना पड़ता है। राजनीति में तीन चीजें महत्वपूर्ण है पद, मद और कद। पद और मद तो आते जाते है लेकिन व्यक्ति अपने काम से कद को बना लेता हैं और ये ही उसकी पूंजी है। जनता के प्यार और विश्वास से अर्जित कद स्थाई है जिसे कोई छीन नहीं सकता।

उन्होंने कहा कि भाजपा केवल पार्टी नहीं है, एक परिवार है और इस परिवार की सदस्य होकर मैं अपने आप को गौरवान्वित महसूस करती हूं। कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम से ही आज भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनी है। इन कार्यकर्ताओं ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल जी, अटल जी, आडवाणी जी, राजमाता विजया राजे सिंधिया साहिबा, भैंरो सिंह जी जैसे नेताओं के साथ कदम से कदम मिलाकर काम किया , जिनके कारण आज पार्टी इस मुकाम पर है।

भाजपा प्रदेश सह प्रभारी विजया राहटकर ने कहा कि वसुंधरा जी की पूर्ववर्ती सरकार हो या वर्तमान की हमारी भजनलाल जी के नेतृत्व वाली सरकार हमारे लिए लोक कल्याण सर्वोपरि है। ये ही कारण है कि राष्ट्र प्रथम के भाव के साथ हमारा कार्यकर्ता गांव-ढाणी से लेकर देश और प्रदेश की राजधानी तक काम करता है और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरता है।

उन्होंने कहा कि सीपी जोशी जी के समय अलग चुनौतियां थी, जिसे उन्होंने कार्यकर्ताओं को साथ लेकर सरकार बनवाने का काम किया। वहीं आज मदन राठौड़ जी के सामने अलग चुनौतियां है। हम सबका पूरा विश्वास है कि अपने अनुभव से संगठन की ऊर्जा का उपयोग करते हुए मदन राठौड़ भाजपा को एक नए मुकाम पर ले जाएंगे।

इस अवसर पर मंच संचालन भाजपा प्रदेश महामंत्री जितेंद्र गोठवाल ने किया और आभार प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगडी ने व्यक्त किया। मंच पर राष्ट्रीय मंत्री अलका गुर्जर, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ प्रेमचंद बैरवा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, सतीश पूनिया, अरूण चतुर्वेदी, कौर कमेटी सदस्य कनकमल कटारा, राजेंद्र गहलोत, पूर्व नेताप्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, केंद्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी, प्रदेश उपाध्यक्ष चुन्नीलाल गरासिया, नारायण पंचारिया, मुकेश दाधीच, अजयपाल सिंह, प्रभुलाल सैनी, सीआर चौधरी, मोतीलाल मीणा, ज्योति मिर्धा, नाहर सिंह जोधा, प्रदेश महामंत्री दामोदर अग्रवाल, संतोष अहलावत और ओमप्रकाश भडाना सहित प्रदेश पदाधिकारी मंच पर उपस्थित थे। कार्यक्रम के बाद भाजपा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने भाजपा प्रदेश पदाधिकारियों और जिलाध्यक्षों के साथ बैठक की।

कार्यक्रम में संत शक्ति का मिला आशीर्वाद

कार्यक्रम में अलग से बने एक मंच पर प्रदेश के प्रख्यात साधू-संत उपस्थित थे। नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ को संतजनों ने अपना आशीर्वाद दिया। वे मंच पर पहुंचते ही सबसे पहले संत शक्ति के मंच पर पहुंचे और आशीर्वाद लिया। मंच पर पीठाधीश्वर राघवाचार्य जी महाराज त्रिवेणीधाम, रामदीक्षापाल दास जी महाराज, महामंडलेश्वर कीलकाचार्य हरिदासजी महाराज, काठियावाड पीठाधीश्वर रामरतनदास जी महाराज, स्वामी सुमेदानंद जी सरस्वती, महामंडलेश्वर बाल मुकुंदाचार्य महाराज, परतापुरी जी महाराज, महामंडलेश्वर सियाराम दास जी महाराज, रूपनाथजी महाराज, बजरंग देवाचार्य जी महाराज, महामंडलेश्वर मनोहरदास जी महाराज सहित कई पूज्नीय संत जन उपस्थित थे।

जयपुर एयरपोर्ट से प्रदेश मुख्यालय तक जोरदार स्वागत

भाजपा के नवनियुक्त प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के राजधानी दिल्ली से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ प्रेमचंद बैरवा, राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेडम, सांसद मंजू शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष मोतीलाल मीणा, प्रदेश मंत्री भूपेंद्र सैनी, डॉ वासुदेव चावला, जयपुर शहर अध्यक्ष राघव शर्मा, जयपुर देहात दक्षिण अध्यक्ष राजेश गुर्जर, युवा मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष अंकित गुर्जर चेची, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र पुरूवंशी सहित भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाव-भीना स्वागत किया। इस दौरान इसके बाद युवा मोर्चा के नेतृत्व में बाइक रैली एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक निकालकर नए प्रदेश अध्यक्ष की अगुवानी की गई। इस दौरान रास्ते में भाजपा के विभिन्न मोर्चा, प्रकोष्ठों और सामाजिक संगठनों की ओर से पुष्पवर्षा, ढोल-नगाडों के साथ नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।

विधि विधान पूर्वक संभाली जिम्मेदारी

भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचने पर वैदिक पूजा अर्चना के बाद नव नियुक्त प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने निवर्तमान प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी से प्रदेश के नए अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, संगठन सह प्रभारी विजया राहटकर, प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, प्रदेश महामंत्री दामोदर अग्रवाल, पूर्व मंत्री कैलाश चौधरी, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ प्रेमचंद बैरवा, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, भाजपा कार्यालय प्रभारी मुकेश पारीक सहित प्रमुखजन उपस्थित थे।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *