Uncategorized

आज रात ‘अर्थ ऑवर’: उत्तराखण्ड में 8:30 से 9:30 बजे तक बुझेंगी गैर जरूरी लाइटें, पर्यावरण बचाने की अपील

Amar sandesh देहरादून। उत्तराखण्ड सरकार ने वैश्विक पर्यावरणीय पहल ‘अर्थ ऑवर’ के तहत आज रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक पूरे प्रदेश में एक घंटे के लिए गैर-जरूरी लाइटें और विद्युत उपकरण बंद रखने का आह्वान किया है। इस दौरान आम नागरिकों, संस्थानों और प्रतिष्ठानों से सक्रिय भागीदारी की अपील की गई है।

सरकार के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर भविष्य सुनिश्चित करने के प्रति जन जागरूकता बढ़ाना है। यह अभियान डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया, नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जो विश्व स्तर पर ऊर्जा संरक्षण और पर्यावरण सुरक्षा के लिए जाना जाता है।

प्रदेशवासियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय के दौरान अपने घरों, कार्यालयों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में एक घंटे के लिए सभी गैर-आवश्यक विद्युत उपकरण बंद रखें और इस वैश्विक मुहिम का हिस्सा बनें।

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बड़ी संख्या में लोग इस अभियान में भाग लेते हैं, तो न केवल ऊर्जा की बचत होगी बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी मजबूत होगा।

‘अर्थ ऑवर’ केवल एक प्रतीकात्मक पहल नहीं, बल्कि पृथ्वी के प्रति हमारी जिम्मेदारी को समझने और निभाने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *