Post Views: 0
Amar sandesh गुवाहाटी/बराक वैली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने असम में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में NDA सरकार ने राज्य में विकास और विरासत दोनों को समान रूप से आगे बढ़ाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब असम और खासकर बराक वैली क्षेत्र वोट बैंक की राजनीति के चलते अपराध और अस्थिरता का केंद्र बन गया था, लेकिन आज तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है।
नितिन नवीन ने अपने पुराने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वर्ष 2010-12 के दौरान जब वे युवा मोर्चा के कार्यकर्ता के रूप में बराक वैली आए थे, तब क्षेत्र में अशांति का माहौल था। सड़कों की बदहाल स्थिति के कारण गुवाहाटी से बराक वैली तक पहुंचना बेहद कठिन होता था। उन्होंने कहा कि आज उसी क्षेत्र में आधुनिक और सुगम सड़कों का जाल बिछ चुका है, जिससे आम लोगों को बड़ी राहत मिली है।
उन्होंने NDA सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि “जनता के आशीर्वाद से बनी सरकार ने विकास को प्राथमिकता दी है। आज असम में कनेक्टिविटी, इंफ्रास्ट्रक्चर और रोजगार के नए अवसर तेजी से बढ़े हैं।”
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके शासनकाल में न तो आम जनता की रोज़ी-रोटी सुरक्षित थी और न ही महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित थी। “तुष्टिकरण की राजनीति ने राज्य को पीछे धकेल दिया था। उस समय घुसपैठियों की चिंता की जाती थी, लेकिन असम के लोगों की समस्याओं को नजरअंदाज किया गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि अब केंद्र सरकार गरीबों के कल्याण के लिए काम कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत केवल असम में ही करीब 22 लाख गरीबों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं, जो सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि पहले जहां सत्ता में बैठे लोग अपने महलों के निर्माण में लगे रहते थे, वहीं आज की सरकार गरीबों के लिए घर और बेहतर जीवन देने के लिए काम कर रही है।
समापन में, नितिन नवीन ने कहा कि असम की जनता ने विकास के रास्ते को चुना है और आने वाले समय में राज्य को और भी नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया जाएगा।
Like this:
Like Loading...
Related