Post Views: 0
सी एम पपनै
नई दिल्ली। जन कल्याण व उत्थान के क्षेत्र में निरंतर अग्रसर रही प्रतिष्ठित संस्था “स्वत्थान” द्वारा जोधा फिल्म्स के सहयोग से उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आलेखित लघु कहानियों पर जूरी सदस्यों द्वारा चयनित की गई आठ रचनाकारों की लघु कहानियों को 14 फरवरी की सायं चाणक्य पुरी स्थित यूथ हॉस्टल्स एंड एसोसिएशन ऑफ इंडिया सभागार में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन कर सम्मानित किया गया।
आयोजित सम्मान समारोह का श्रीगणेश मंचासीन जूरी सदस्यों दिवान सिंह बजेली (संगीत नाटक अकादमी सम्मान प्राप्त), डॉ. हरि सुमन बिष्ट (वरिष्ठ साहित्यकार), चारु तिवारी (वरिष्ठ पत्रकार), खजान दत्त शर्मा (जौनसारी कवि), बिहारी लाल जलंधरी (समाज सेवी), सुनील नेगी (वरिष्ठ पत्रकार), प्रोफेसर हरेन्द्र असवाल (वरिष्ठ साहित्यकार), पृथ्वी सिंह केदारखंडी (साहित्यकार) इत्यादि इत्यादि के साथ-साथ
“स्वत्थान” संस्था पदाधिकारियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
“स्वत्थान” द्वारा उत्तराखंड की पृष्ठभूमि पर आलेखित लघु कहानियों पर आयोजित ‘कहानियां उत्तराखंड की’ सम्मान समारोह के इस अवसर पर आयोजक संस्था पदाधिकारियों गणेश रौतेला (उपाध्यक्ष) व डॉ. शरद चंद्र जोशी द्वारा सभागार में बड़ी संख्या में उपस्थित प्रबुद्ध जनों का स्वागत अभिनन्दन कर सभी मंचासीन जूरी सदस्यों का सारगर्भित परिचय देकर तथा आयोजक संस्था से जुड़े प्रताप सिंह बिष्ट, चरण जीत सिंह, नवीन गोयल, अरविंद सिंह इत्यादि इत्यादि संस्था कर्मठ सदस्यों का परिचय करवा कर तथा प्रबुद्ध जूरी सदस्यों को अंगवस्त्र ओढ़ा कर व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
“स्वत्थान” महासचिव संजय जोशी द्वारा आयोजित सम्मान समारोह के उद्देश्य पर सारगर्भित प्रकाश डालते हुए अवगत कराया गया, अंचल के 115 रचनाकारों द्वारा लघु कहानियां प्रेषित की गई थी। उक्त कहानियों में से 33 रचनाकारों की कहानियों को सम्मानित जूरी सदस्यों द्वारा चयन किया गया था। अंतिम चरण में 8 लघु कहानियों का चयन सम्मान प्रदान करने हेतु किया गया। संस्था महासचिव संजय जोशी द्वारा अवगत कराया गया प्रत्येक वर्ष माह मई में अंचल के हाई स्कूल और इंटर मीडियेट बोर्ड परीक्षा में प्रदेश और जिले की मेरिट में स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान तथा उत्तराखंड के सभी जिलों की फुटबॉल टीम के लीग मैच भी “स्वत्थान” संस्था द्वारा संस्था अध्यक्ष नरेंद्र लड़वाल के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रमों की पहल हैं।
‘कहानियां उत्तराखंड की’ सम्मान समारोह के इस अवसर पर आयोजक संस्था पदाधिकारियों व सभागार में उपस्थित आंचलिक फिल्मी व रंगमंच से जुड़े कलाकारों, पत्रकारों, साहित्यकारों, सामाजिक और सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़े प्रबुद्ध जनों में प्रमुख चंदन डांगी, मदन मोहन सती, अजय सिंह बिष्ट, लक्ष्मी रावत, डॉ. पुष्पा जोशी, चंद्र मोहन पपनै, पद्मेद्र रावत, अंजू भंडारी, उमेश चंद्र बंदूनी, राकेश गौड़, सुधीर धर इत्यादि इत्यादि के कर कमलों जूरी द्वारा चयनित रचनाकारों दीपाली खाती (ठंडा चीला), सुशीला देवी (अंधेरी रात में कमला), विशेश्वर प्रसाद (पंची), ललिता (ओगासी माई), किरन रावत (English short story), गार्गी जोशी (ईजा), गिरधारी सिंह (की बोर्ड) तथा के एन पांडे ‘खिमदा’ (बौज्यू और रेडू) को सम्मान स्वरूप अंगवस्त्र ओढ़ा कर, स्मृति चिन्ह व सम्मान पत्र तथा तय राशि के चैक सम्मान स्वरूप प्रदान किए गए।
सम्मान समारोह के इस अवसर पर विभिन्न विधाओं के क्षेत्र में प्रभावी कार्य करने वाले हेमपंत, डॉ. सतीश कालेश्वरी, सुशीला रावत व संदीप बजेली को भी “स्वत्थान” पदाधिकारियों द्वारा स्मृति चिन्ह, सम्मान पत्र व तय राशि का चैक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
Like this:
Like Loading...
Related