Post Views: 0
प्रधानमंत्री मोदी जी की कार्यशैली अत्यंत प्रभावी है और पूरी तरह जनहित तथा आम आदमी के कल्याण पर केंद्रित है—-सांसद धर्मशीला गुप्ता
अमर चंद्र
नई दिल्ली।राजनीतिक और सामाजिक जीवन में निरंतर सक्रियता के साथ जनहित को सर्वोपरि रखने वाली राज्यसभा सांसद धर्मशीला गुप्ता ने अपने सार्वजनिक जीवन में हमेशा आम आदमी की आवाज को मजबूती से उठाया है। जमीनी कार्यकर्ता के रूप में राजनीति में प्रवेश करने वाली धर्मशीला गुप्ता का सफर संगठनात्मक निष्ठा, सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा भाव का प्रतीक रहा है।
डॉ.धर्मशीला गुप्ता ने भारतीय जनता पार्टी के साथ अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में की। उनकी सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें दरभंगा जिला भाजपा महिला प्रकोष्ठ का जिलाध्यक्ष बनाया गया। इसके पश्चात उन्होंने जिला स्तर से लेकर बिहार प्रदेश संगठन तक विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया और संगठन में अपनी एक सशक्त पहचान बनाई। वे कोल इंडिया की सदस्य भी रह चुकी हैं।
दरभंगा विधानसभा क्षेत्र में धर्मशीला गुप्ता एक जमीनी कार्यकर्ता के रूप में जानी जाती रही हैं। जनसमस्याओं को सीधे सुनना, उनके समाधान के लिए सतत प्रयास करना और संगठन को मजबूत करना उनकी कार्यशैली का अभिन्न हिस्सा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में भी उन्होंने उल्लेखनीय योगदान दिया है। वे डॉ. नागेंद्र झा महिला महाविद्यालय में शिक्षिका के रूप में सेवाएं दे चुकी हैं, जिससे सामाजिक और शैक्षणिक विकास में उनकी भूमिका रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि मोदी जी की कार्यशैली अत्यंत प्रभावी है और वह पूरी तरह जनहित तथा आम आदमी के कल्याण पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज देश प्रगति और विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। सरकार की नीतियों और निर्णयों में गरीब, किसान, युवा और महिलाएं केंद्र में हैं।
महिलाओं के सशक्तिकरण के संदर्भ में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका सीधा लाभ महिलाओं को मिल रहा है। चाहे उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराना हो, जनधन योजना से आर्थिक सशक्तिकरण, स्वच्छ भारत अभियान से सम्मानजनक जीवन या आवास, स्वास्थ्य और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाएं,इन सभी ने महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
सांसद धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव आम जनता के हित में कार्य करती रही है और आगे भी करती रहेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नारे “सबका साथ, सबका विकास” का उल्लेख करते हुए कहा कि यह नारा अब केवल एक संकल्प नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देने वाला सत्य बन चुका है। आज देश का हर वर्ग इस विकास यात्रा का साक्षी है।
सरल, मृदुभाषी और मिलनसार व्यक्तित्व की धनी डॉ.धर्मशीला गुप्ता जनहित को सर्वोपरि मानती हैं। राज्यसभा सांसद के रूप में वे संसद के माध्यम से जनआकांक्षाओं को मजबूती से उठाने का कार्य कर रही हैं। उनका राजनीतिक सफर यह संदेश देता है कि सेवा, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा के बल पर समाज और राष्ट्र के लिए प्रभावी भूमिका निभाई जा सकती है।
Like this:
Like Loading...
Related