उत्तराखण्ड

प्रवासियों की पहल से कुमाल्डी में विकास की नई उम्मीद, एकजुटता को मिला बल

अमर चंद्र

कोटद्वार/पौड़ी गढ़वाल, 29 मार्च।जनपद पौड़ी गढ़वाल के ग्राम कुमाल्डी से जुड़े प्रवासी निवासियों ने अपने गांव के विकास और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने की दिशा में संगठित पहल शुरू की है। बदलते समय में जहां रोजगार और शिक्षा के लिए पलायन बढ़ा है, वहीं अपने मूल गांव से जुड़े रहने और उसके विकास में योगदान देने की भावना भी प्रवासियों में निरंतर मजबूत हो रही है।

इसी क्रम में रविवार को कोटद्वार देवी रोड स्थित पर पूर्व प्रधानाचार्य रमेश चंद्र घिल्डियाल के निवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में प्रवासी एवं स्थानीय ग्रामीणों की भागीदारी रही, जिससे गांव के प्रति लोगों की प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दी‌।

बैठक के दौरान गांव के समग्र विकास को लेकर विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। इसमें युवाओं को रोजगार के प्रति जागरूक करने, प्रवासी और स्थानीय ग्रामीणों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, तथा आपसी सहयोग और सहभागिता की भावना को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि संगठित प्रयासों से ही गांव की समस्याओं का समाधान संभव है और इसके लिए सभी का एकजुट होना आवश्यक है।

इस अवसर पर मनवर सिंह नेगी, कुन्दन सिंह नेगी, भारत सिंह नेगी, पुष्पा नेगी, पृथ्वीपाल सिंह, सतीश चंद्र घिल्डियाल, कृष्ण कुमार नेगी, मदन सिंह नेगी, जगमोहन सिंह नेगी,भारत सिंह नेगी, विजय प्रसाद जखमोला,रंजीत सिंह ,महावीर सिंह रावत, सतेंद्र सिंह नेगी, रविंद्र सिंह नेगी, सुनील सिंह रावत,, मुकेश रावत सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

बैठक में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली। अनीता नेगी, पुष्पा नेगी, सुमित्रा नेगी, पूनम घिल्डियाल, बबीता देवी, सूरजी नेगी, सुलोचना देवी, लक्ष्मी देवी, सुनीता नेगी, मीनाक्षी नेगी, संजू नेगी, रजनी घिल्डियाल, हिमानी घिल्डियाल बालेश्वरी देवी, सुभद्रा नेगी आदि ने भी अपने विचार रखे और गांव के विकास में योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई।

बैठक के दौरान संगठन को औपचारिक रूप देते हुए पदाधिकारियों की घोषणा की गई। रमेश चंद्र घिल्डियाल को संरक्षक, श्रीमती अनीता नेगी को अध्यक्ष तथा श्रीमती संजू देवी को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया। सभी पदाधिकारियों ने मिलकर गांव के विकास के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि अधिक से अधिक प्रवासी और स्थानीय लोगों को इस मुहिम से जोड़ा जाएगा, ताकि गांव के विकास कार्यों को गति मिल सके। साथ ही अगली बैठक 3 मई को अध्यक्ष श्रीमती अनीता नेगी के निवास पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

 प्रवासियों की यह पहल न केवल कुमाल्डी के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि अन्य गांवों के लिए भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बन सकती है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *