दिल्लीराष्ट्रीय

रेलवे संचालन और व्यवसाय विकास को नई दिशा: हरि शंकर वर्मा ने संभाला अहम दायित्व

हरि शंकर वर्मा बने रेलवे बोर्ड के सदस्य ऑपरेशंस एवं व्यवसाय विकास

Amar sandesh नई दिल्ली। भारतीय रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी हरि शंकर वर्मा, 1987 बैच के आईआरटीएस अधिकारी, ने रेलवे बोर्ड के सदस्य (ऑपरेशंस एवं व्यवसाय विकास) तथा भारत सरकार के पदेन सचिव का पदभार ग्रहण कर लिया है। इससे पूर्व वे रेलवे बोर्ड में महानिदेशक (सुरक्षा) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे।

श्री वर्मा का करियर भारतीय रेलवे में उत्कृष्ट, अनुकरणीय और उपलब्धियों से भरपूर रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। इनमें अपर मंडल रेलवे प्रबंधक, मध्य रेलवे, मुंबई; मंडल रेलवे प्रबंधक, सलेम डिविजन, दक्षिण रेलवे; मुख्य यात्री यातायात प्रबंधक, मध्य रेलवे, मुंबई; प्रधान मुख्य ऑपरेशंस मैनेजर, हुबली, दक्षिण-पश्चिम रेलवे तथा महानिदेशक, भारतीय रेलवे परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम), लखनऊ जैसे प्रमुख दायित्व शामिल हैं।

महानिदेशक (सुरक्षा) के रूप में उनके कार्यकाल को भारतीय रेलवे के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है। प्रक्रिया सुधार और प्रणालीगत बदलावों पर विशेष ध्यान देने के परिणामस्वरूप रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ तथा बड़ी रेल दुर्घटनाओं की संख्या में भारी कमी दर्ज की गई। उनके नेतृत्व में भारतीय रेलवे का सुरक्षा रिकॉर्ड नई ऊंचाइयों तक पहुंचा।

श्री वर्मा को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए दो बार रेल मंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। इसके अतिरिक्त उन्हें महाप्रबंधक स्तर पर भी कई प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। उन्होंने सिंगापुर, मलेशिया और इटली से प्रबंधन का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण लिया है और उन्हें रेलवे यातायात एवं प्रबंधन के विशेषज्ञ के रूप में व्यापक रूप से जाना जाता है।

रेलवे बोर्ड में सदस्य (ऑपरेशंस एवं व्यवसाय विकास) के रूप में श्री हरि शंकर वर्मा की नियुक्ति से भारतीय रेलवे के परिचालन, सुरक्षा और व्यवसायिक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद की जा रही है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *