मध्यम वर्ग को मोदी सरकार का तोहफ़ा: जीएसटी सुधार से हर घर में राहत – अश्विनी वैष्णव
Amar sandesh नई दिल्ली,।भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्यम वर्गीय परिवारों को ऐतिहासिक तोहफ़ा दिया है। जीएसटी दरों में कटौती और कर प्रणाली को सरल बनाकर हर घर-परिवार को राहत मिली है।
वैष्णव ने बताया कि अब टीवी, फ्रिज, मोबाइल, पावर बैंक, डिशवॉशर, माइक्रोवेव और सोलर पैनल जैसी वस्तुओं पर टैक्स कम हो गया है। उन्होंने कहा— “रोटी, कपड़ा, मकान और रसोई तक, हर चीज़ पर कर का बोझ घटा है।”
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की जीडीपी लगभग ₹330 लाख करोड़ है, जिसमें ₹202 लाख करोड़ हिस्सा खपत का है। यदि खपत में सिर्फ 10% बढ़ोतरी होती है, तो अतिरिक्त ₹20 लाख करोड़ का उत्पादन और रोजगार बढ़ेगा। इससे बचत, निवेश और खपत—तीनों में बढ़ोतरी होगी और परिवारों में खुशियाँ आएंगी।
उन्होंने याद दिलाया कि जैसे पहले इन्कम टैक्स में राहत देकर ₹12 लाख तक की आय वाले मध्यम वर्गीय परिवारों को फायदा मिला, वैसे ही अब जीएसटी सुधार से भी उन्हें बड़ी राहत दी गई है। यह निर्णय देश के 140 करोड़ नागरिकों के जीवन पर सीधा और सकारात्मक असर डालने वाला है।
श्री वैष्णव ने कहा कि 22 सितंबर, नवरात्रि के पहले दिन से यह सुधार देश के हर मध्यम वर्गीय परिवार के लिए नई खुशियाँ लेकर आएगा। इस प्रेस वार्ता के दौरान उनके साथ राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी व सह मीडिया प्रभारी डॉक्टर संजय मयूख भी उपस्थित रहे।