Post Views: 0
Amar sandesh नई दिल्ली।केंद्रीय बजट में युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने और उन्हें भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया गया है। बजट में पहली बार क्वांटम फिजिक्स, कौशल विज्ञान, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उभरती तकनीकों को केंद्र में रखकर शिक्षा और प्रशिक्षण की स्पष्ट रूपरेखा प्रस्तुत की गई है, जिससे देश की ऑरेंज इकोनॉमी को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।
बजट में शिक्षा क्षेत्र को सशक्त बनाने के उद्देश्य से स्कूल और उच्च शिक्षा बजट में 8.27 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जबकि कौशल विकास के बजट में 62 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़ोतरी की गई है। शिक्षा और कौशल विकास का संयुक्त बजट बढ़कर लगभग 1.50 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जो मानव संसाधन विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के उद्देश्य से कौशल विकास के लिए सरकार ने व्यापक स्तर पर निवेश किया है। उभरते क्षेत्रों के लिए प्रशिक्षण, युवाओं में उद्यमिता को प्रोत्साहन और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल निर्माण की रणनीति को बजट में विशेष प्राथमिकता दी गई है।
बजट में उच्च शिक्षा, विशेषकर एसटीईएम (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित) विषयों में बेटियों की भागीदारी बढ़ाने और उसे स्थायी बनाने की दिशा में भी अहम कदम उठाए गए हैं। देश के सभी 800 जिलों में उच्च शिक्षा संस्थानों से जुड़े महिला छात्रावासों के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है। इससे दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों की उन छात्राओं को सबसे अधिक लाभ मिलेगा, जिन्हें सुरक्षित आवास के अभाव में अपनी पढ़ाई बीच में छोड़नी पड़ती थी।
शिक्षा बजट के अंतर्गत स्कूल और उच्च शिक्षा के लिए कुल 1,39,289.48 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को 83,562.26 करोड़ रुपये और उच्च शिक्षा विभाग को 55,727.22 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। वहीं, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के लिए 9,885.80 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।
बजट में पहली बार स्कूल स्तर से ही छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ कौशल, विज्ञान, एआई, क्वांटम और उभरती तकनीकों से जोड़कर उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने पर विशेष फोकस किया गया है। साथ ही, खगोल-भौतिकी और खगोल विज्ञान में छात्रों की रुचि बढ़ाने के लिए नेशनल लार्ज सोलर टेलिस्कोप, नेशनल लार्ज ऑप्टिकल इन्फ्रारेड टेलिस्कोप, हिमालयन चंद्र टेलिस्कोप और कॉसमॉस-2 प्लेनेटोरियम जैसे अत्याधुनिक बुनियादी सुविधा केंद्र स्थापित किए जाने का प्रस्ताव भी बजट में शामिल है।
कुल मिलाकर, यह बजट युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने, उन्हें आधुनिक तकनीकों से लैस करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक दूरदर्शी, सकारात्मक और राष्ट्रनिर्माण से जुड़ा कदम माना जा रहा है।
Like this:
Like Loading...
Related