Post Views: 0
Amar sandesh नई दिल्ली/मुंबई। भारत की ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी कंपनी ओएनजीसी (ONGC) ने ‘डीपएक्स’ (DeepX) पहल की शुरुआत की है। यह महत्वाकांक्षी पहल समुद्र की गहराइयों में छिपे ऊर्जा संसाधनों की खोज और दोहन के लिए अत्याधुनिक तकनीकों के उपयोग पर आधारित है।
इस परियोजना का वर्चुअल उद्घाटन ओएनजीसी के चेयरमैन अरुण कुमार सिंह द्वारा किया गया, जबकि मुंबई में निदेशक (अन्वेषण) ओ.पी. सिन्हा ने इसे औपचारिक रूप से अनावरण किया। ‘डीपएक्स सेंटर’ तकनीकी उत्कृष्टता, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और राष्ट्रीय प्रतिबद्धता का प्रतीक बनकर उभरा है।
ओएनजीसी द्वारा स्थापित यह केंद्र अत्याधुनिक सिस्टम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित क्षमताओं और विशेषज्ञ भू-वैज्ञानिकों की एक विशेष टीम से सुसज्जित है। इसके माध्यम से समुद्र की गहराइयों में छिपे ऊर्जा भंडारों की खोज कर देश के ऊर्जा परिदृश्य को नई दिशा देने की तैयारी की जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ‘डीपएक्स’ पहल भारत को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकती है। यह न केवल नए संसाधनों की खोज में सहायक होगी, बल्कि ऊर्जा सुरक्षा को भी मजबूत करेगी।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार के उपक्रम ओएनजीसी, चेयरमैन अरुण कुमार सिंह के कुशल नेतृत्व में निरंतर विकास की ओर अग्रसर है। उनके नेतृत्व में कंपनी के कर्मचारी, वेंडर और अधिकारी उत्साहपूर्वक संगठन की प्रगति में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रहे हैं, जिससे ओएनजीसी नई ऊंचाइयों को छू रही है।
स्पष्ट है कि ‘डीपएक्स’ जैसी पहलें यह दर्शाती हैं कि भारत का ऊर्जा भविष्य अब समुद्र की गहराइयों में नई संभावनाओं के साथ आकार ले रहा है।
Like this:
Like Loading...
Related