दिल्लीराष्ट्रीय

कर्तव्य पथ पर भारतीय तटरक्षक बल के मार्चिंग दल का अनुशासित और गौरवपूर्ण प्रदर्शन

Amar sandesh नई दिल्ली | गणतंत्र दिवस परेड–2026 के अवसर पर भारतीय तटरक्षक बल (Indian Coast Guard – ICG) के मार्चिंग दल ने 26 जनवरी 2026 को कर्तव्य पथ पर अनुशासन, शौर्य और समुद्री गौरव का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। इस मार्चिंग दल का नेतृत्व सहायक कमांडेंट निशि शर्मा ने किया, जबकि तटरक्षक बल के बैंड का नेतृत्व उत्तम अधिकारी पप्पानूर जी बाबू ने संभाला।

सुसज्जित औपचारिक वर्दियों में सुसंगठित कदमताल, संतुलित चाल और सटीक ड्रिल के साथ मार्च करते हुए दल ने भारतीय तटरक्षक बल के उच्चतम प्रशिक्षण मानकों, व्यावसायिक दक्षता और अनुशासन को प्रदर्शित किया। उनकी हर एक कदमताल भारत की विशाल समुद्री सीमाओं की सतत निगरानी और किसी भी चुनौती का सामना करने की तत्परता का प्रतीक रही।

‘समुद्रों के प्रहरी (Sentinels of Our Seas)’ के रूप में विख्यात भारतीय तटरक्षक बल का यह मार्चिंग दल दृढ़ संकल्प, अटूट साहस और कर्तव्यनिष्ठा की सजीव झलक प्रस्तुत करता नजर आया। कठोर प्रशिक्षण, निरंतर सतर्कता और निस्वार्थ सेवा भाव से ओत-प्रोत यह दल शांत समुद्र से लेकर उग्र तूफानों तक, हर परिस्थिति में राष्ट्र की समुद्री सीमाओं की रक्षा के संकल्प को दर्शाता है।

तटरक्षक बल के बैंड की गूंजती धुनों ने मार्च की भव्यता को और भी सशक्त बनाया। तालबद्ध संगीत के साथ आगे बढ़ते दल ने सेवा भावना, एकजुटता, उच्च मनोबल और लड़ाकू जज़्बे का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसने दर्शकों और विशिष्ट अतिथियों की भरपूर सराहना प्राप्त की।

अपने गौरवशाली ध्येय वाक्य “वयम् रक्षामः हम रक्षा करते हैं” से प्रेरित भारतीय तटरक्षक बल के पुरुष एवं महिला कार्मिकों ने भारत की समुद्री शक्ति, सुरक्षा, संरक्षा तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया। उनका आत्मविश्वास, समन्वित गतिविधियाँ और दृढ़ निश्चय साहस, अनुशासन और निस्वार्थ सेवा के मूल्यों को प्रतिबिंबित करता है।

कर्तव्य पथ पर तटरक्षक बल की यह उपस्थिति राष्ट्र की समुद्री सीमाओं को सुरक्षित, संरक्षित और स्वच्छ बनाए रखने वाले मूक प्रहरी के रूप में उनकी भूमिका को रेखांकित करती है। “यात्रा, तत्र, सर्वत्र”सदैव, हर स्थान परके संकल्प के साथ यह प्रदर्शन भारतीय तटरक्षक बल की राष्ट्र और नागरिकों की समुद्र से रक्षा करने की अटूट प्रतिबद्धता को पुनः स्थापित करता है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *