दिल्लीबिहारराष्ट्रीय

भाजपा में बड़ा संगठनात्मक फैसला, नितिन नबीन बने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष

अमित शाह बोले— नितिन नबीन के नेतृत्व से संगठन को मिलेगी नई मजबूती

Amar chand नई दिल्ली।भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बांकीपुर से पांच बार के विधायक और बिहार सरकार में कैबिनेट मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजों के ठीक एक महीने बाद की गई है। इसके साथ ही नितिन नबीन भाजपा के शीर्ष संगठनात्मक पदों में शामिल हो गए हैं।

नितिन नबीन लगातार पांच बार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं और शहरी राजनीति में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। उन्होंने 2006 के उपचुनाव में पटना पश्चिमी सीट से पहली बार जीत दर्ज की थी। संगठन में वे भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव, बिहार प्रदेश युवा मोर्चा के अध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी जैसे अहम दायित्व निभा चुके हैं।

छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 और लोकसभा चुनाव 2024 में उनकी रणनीतिक भूमिका को पार्टी नेतृत्व ने महत्वपूर्ण माना। पार्टी सूत्रों के अनुसार, संगठनात्मक अनुभव, चुनावी सफलता और प्रशासनिक क्षमता को देखते हुए उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी है। उन्होंने X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा नितिन नबीन को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

अमित शाह ने कहा कि नितिन नबीन ने संगठन में रहते हुए हर दायित्व को निष्ठा और सफलता के साथ निभाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नितिन नबीन अपने नए दायित्व में पार्टी को और मजबूती प्रदान करेंगे तथा उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *