दिल्लीराष्ट्रीय

जनपक्षधर पत्रकारिता को सम्मान, अमर चंद्र को मिलेगा ‘गढ़ गौरव वीर चंद गढ़वाली सम्मान–2025

गढ़वाल हितैषिणी सभा द्वारा अमर सदेश को मिलेगा प्रतिष्ठित गढ़ गौरव वीर चंद गढ़वाली सम्मान-2025

सी एम पपनै

नई दिल्ली।दिल्ली-एनसीआर में उत्तराखंड के जनहित, सामाजिक सरोकारों और सांस्कृतिक विषयों को निरंतर प्रमुखता से उठाने वाले अमर संदेश समाचार पत्र के संपादक एवं वरिष्ठ पत्रकार अमर चंद्र को उत्तराखंड समाज की प्रतिष्ठित संस्था गढ़वाल हितैषिणी सभा द्वारा ‘गढ़ गौरव वीर चंद गढ़वाली सम्मान–2025’ से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 28 दिसंबर को गढ़वाल भवन के प्रांगण में आयोजित एक गरिमामय समारोह में प्रदान किया जाएगा।

अमर चंद्र बीते कई वर्षों से अपने समाचार पत्र अमर संदेश के माध्यम से उत्तराखंड से जुड़े जनहित के मुद्दों, सामाजिक समस्याओं, प्रवासी उत्तराखंडवासियों की चिंताओं तथा राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रभावी ढंग से राष्ट्रीय पटल पर प्रस्तुत करते आ रहे हैं। पत्रकारिता के साथ-साथ वे समाज से जुड़े विषयों पर समय-समय पर सेमिनार, विचार गोष्ठियों एवं अन्य जन-जागरूकता कार्यक्रमों का भी आयोजन करते रहते हैं। इसके अतिरिक्त वे गढ़वाल हितैषिणी सभा द्वारा आयोजित सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को भी अपने अखबार के माध्यम से निरंतर प्रमुखता से प्रकाशित करते रहे हैं।

गढ़वाल हितैषिणी सभा की कार्यकारिणी ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लेते हुए अमर चंद्र को यह सम्मान प्रदान करने की घोषणा की है। सभा के अध्यक्ष सुरत सिंह रावत, उपाध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह नेगी (अधिवक्ता), महामंत्री पवन कुमार मैठाणी, कोषाध्यक्ष देवेश नौटियाल, संगठन सचिव धीरेंद्र सिंह रावत, उप-कोषाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद बिष्ट, सांस्कृतिक सचिव वीरेन्द्र सिंह नेगी (अधिवक्ता), सहायक सचिव जगत सिंह पंवार एवं खेल सचिव सुधीर नेगी सहित कार्यकारिणी सदस्यों ने अमर चंद्र के पत्रकारिता एवं सामाजिक योगदान की सराहना की है।

गढ़ गौरव वीर चंद गढ़वाली सम्मान उत्तराखंड समाज, संस्कृति, पत्रकारिता और जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया जाने वाला एक प्रतिष्ठित सम्मान है। इस सम्मान की घोषणा से पत्रकारिता जगत और उत्तराखंड समाज में हर्ष और गौरव का वातावरण है।

इस अवसर पर अमर संदेश समाचार पत्र परिवार ने गढ़वाल हितैषिणी सभा, गढ़वाल भवन प्रबंधन एवं समस्त उत्तराखंड समाज के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उत्तराखंड के जनहित में की जा रही निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षधर पत्रकारिता को मिली सामूहिक मान्यता है।

Share This Post:-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *