Post Views: 0
“सकारात्मक सोच केवल प्रेरणा नहीं, बल्कि राष्ट्र और समाज को आगे बढ़ाने की सबसे मजबूत शक्ति है–डॉ. अशुतोष कर्नाटक
Amar sandesh नई दिल्ली | प्लस अप्रोच फाउंडेशन (PAF) द्वारा 11वें पॉजिटिविटी कॉन्क्लेव – PEAK (प्रयास एक और कदम) 2025 का सफल आयोजन डॉ आशुतोष कर्नाटक के मार्गदर्शन में इडिया इंटरनेशनल सेंटर (IIC) के सी.डी. देशमुख ऑडिटोरियम में किया गया। “Good to Great – Positive India” थीम पर आधारित इस पूर्णदिवसीय आयोजन में देशभर से आए 250 से अधिक प्रतिभागियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में विचारक, पेशेवर, समाजसेवी, शिक्षक, छात्र एवं सामाजिक परिवर्तन से जुड़े लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ सतत विकास लक्ष्यों (SDG) पर आधारित फिल्म, सेफ्टी ब्रीफिंग एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। दीप प्रज्वलन मुख्य अतिथि सुनील शास्त्री, मीरा शास्त्री, विशिष्ट अतिथि संजय कुलकर्णी तथा PAF नेतृत्व में मैनेजिंग ट्रस्टी विदुषी कर्नाटक, डॉ. अशुतोष कर्नाटक, ट्रस्टीगण, चेयरमैन आर.सी. गुप्ता एवं संयुक्त सचिव हेना पांडे की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
स्वागत संबोधन में फाउंडेशन के मेंटर ने सकारात्मक सोच, उद्देश्यपूर्ण जीवन और सामाजिक परिवर्तन के लिए PAF की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। इसके बाद PAF की गतिविधियों पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन हुआ। चेयरमैन के संबोधन के उपरांत सभी प्रतिभागियों द्वारा सामूहिक रूप से पॉजिटिव प्लेज लिया गया।
कार्यक्रम के विशेष सत्र में PAF मतेला टीम द्वारा जमीनी स्तर पर किए जा रहे कार्यों को प्रस्तुत किया गया। इसमें फायर वॉचर्स, शिक्षक और युवा उपलब्धि प्राप्तकर्ताओं की प्रेरक कहानियां शामिल रहीं। ट्रस्टी हेम पंत ने एक स्वरचित कविता के माध्यम से PAF की यात्रा, उपलब्धियों और भावी दृष्टि को प्रस्तुत किया।
डॉ. अशुतोष कर्नाटक ने कॉन्क्लेव के बौद्धिक और वैचारिक पक्ष को सशक्त दिशा दी। उन्होंने “Good to Great Positive India” विषय पर आयोजित प्रथम पैनल चर्चा का संचालन किया। इस चर्चा में जनरल संजय कुलकर्णी और विनोद अग्निहोत्री ने नेतृत्व, आत्मबल, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विचार साझा किए। पैनल चर्चा के बाद वक्ताओं को सम्मानित किया गया।
डॉ. अशुतोष कर्नाटक द्वारा लिखित पुस्तक “The Positive Shift – Wellness in the Mind” का भी इस अवसर पर विमोचन किया गया, जिसमें मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक दृष्टिकोण और जीवन संतुलन पर केंद्रित विचार प्रस्तुत किए गए।
इसके बाद सुनील शास्त्री द्वारा दिया गया आशीर्वचन कार्यक्रम का महत्वपूर्ण आकर्षण रहा। उन्होंने अपने पिता और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री से जुड़े प्रसंग साझा करते हुए आशा, नैतिकता और सेवा भाव के मूल्यों पर बल दिया।
कार्यक्रम में पुस्तक विमोचन समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें “Through My Eyes” पुस्तक और PEAK 2025 की स्मारिका का लोकार्पण किया गया।
दूसरी पैनल चर्चा “Udaan – Each Step Begins with a Belief” का संचालन मधुमिता तिवारी ने किया। इस सत्र में निधि कुलपति, त्रिप्ती सोमानी और सिमु दास ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का एक भावनात्मक क्षण “बेटी पढ़ाओ – बेटी जीताओ: Yes, I Can” पोस्टर का विमोचन रहा, जिसे बाल उपलब्धि प्राप्तकर्ता बेबी शनाया ने प्रस्तुत किया। यह बालिका सशक्तिकरण का प्रतीक बना।
दोपहर बाद “Yes, I Can Achiever Awards” के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित किया गया। इसके बाद प्रसिद्ध कवि और हास्य कलाकार सुरेंद्र शर्मा की प्रस्तुति ने सभागार को ऊर्जा और उत्साह से भर दिया।
समापन सत्र में PEAK और SDG-0 अवॉर्ड्स प्रदान किए गए। सचिव एस.के. गुल्यानी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के बाद सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से “हम होंगे कामयाब” का गायन किया।
कार्यक्रम निर्धारित समयानुसार सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और प्रतिभागियों एवं अतिथियों ने आयोजन की विषयवस्तु, अनुशासित संचालन और सकारात्मक वातावरण की सराहना की।
कार्यक्रम के प्रमुख संदेश:कोशिश करने वालों की हार नहीं होती।“Can’t Do” से “Can Do” की ओर बढ़ना जरूरी है।
सकारात्मक सोच जीवन का मूल मंत्र है।सरलता, सहजता और समानता को अपनाना आवश्यक है।दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास सफलता का मार्ग प्रशस्त करते हैं।
बाधाएं व्यक्ति को मजबूत बनाती हैं।स्वयं, अपनी संस्था और अपने देश से प्रेम करें।
प्लस अप्रोच फाउंडेशन एक मूल्य आधारित सामाजिक संस्था है, जो PEAK, WEPoP सहित विभिन्न पहलों के माध्यम से सकारात्मकता, नेतृत्व, शिक्षा और सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देती है। संस्था आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों की सहायता, आवास मरम्मत एवं निर्माण, बालिकाओं के विवाह, उपचारात्मक शिक्षा, डिजिटल जागरूकता और कौशल विकास के लिए नियमित कार्यक्रम संचालित करती रहतीं हैं।
Like this:
Like Loading...
Related